• गडकरी से मैंने की थी मुलाकात

कुरुक्षेत्र में बनने वाले 27.9 किलोमीटर लंबे बाइपास को लेकर पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा ने थानेसर विधायक पर चुटकी ली। सुधा ने कहा कि विधायक अशोक अरोड़ा बाइपास बनाने का श्रेय लेने की कोशिश कर रहे हैं।

अरोड़ा की तरफ से कुरुक्षेत्र बाइपास के लिए विधानसभा में आवाज उठाने की बात कही जा रही है। जबकि इस बाइपास के लिए CM नायब सैनी ने मेहनत की। सुधा आज दोपहर अपने आवास पर प्रेस कॉन्फ्रेंस में बोल रहे थे।

सुधा बोले- अपनी आवाज अपने पास रखो

सुधा ने कहा कि विधायक अशोक अरोड़ा रोज आवाज उठाते हैं, लेकिन उनकी आवाज सुनता कौन है। बाइपास को पास करवाने के लिए उन्होंने खुद केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात की थी।

अब तो कोई भी आकर कह दे कि मैंने विधानसभा में आवाज उठाई थी। आप अपनी आवाज अपने पास रखो। कुरुक्षेत्र में BJP की सरकार काम करवा रही है। लोग आपके पास काम लेकर जाते हैं, उनको आप बोलते हो, हमारी तो सरकार नहीं है।

हमने तो हवा रेल चलाकर भी दिखाई

मैंने पहले ही लोगों से हाथ जोड़कर कहा था कि विधायक यही कहेंगे मेरी सरकार नहीं है। आज जो काम लेकर उनके पास जा रहा है, उनको यही जवाब दिया जा रहा है।

ये पहले कहते थे कि सुधा ने हवा में रेल चला दी। आज देख लो हमने तो हवा में भी रेल चलाकर दिखा दी। BJP सरकार 2024 के विधानसभा चुनाव से पहले से ही बाइपास बनवाने की कोशिश कर रही थी।

मैंने गडकरी से की थी मुलाकात- सुधा

सुधा ने कहा कि बायपास बनवाने के लिए केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात की। इसके बाद लगातार अधिकारियों और विभाग के संपर्क में रहकर फाइल आगे बढ़वाई।

जमीन से जुड़ी प्रक्रिया पूरी करवाने के लिए काम किया। अब बाइपास को मंजूरी मिल चुकी है। इस प्रोजेक्ट के लिए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का धन्यवाद करता हूं।

वोट चोरी होती तो क्या मैं अपनी सीट हारता

सुभाष सुधा ने कहा कि आज कांग्रेस पार्टी वोट-वोट चोरी का नारा लगा रही है। देशभर में प्रोग्राम कर रही है। अगर बात केवल वोट की होती तो क्या वे अपनी सीट हारते।

CM करेंगे सर्किट हाउस का शिलान्यास

सुभाष सुधा ने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी 21 नवंबर को कुरुक्षेत्र में 120 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले नए पीडब्ल्यूडी सर्किट हाउस का शिलान्यास करेंगे। हवन-यज्ञ के बाद भूमि पूजन और शिलान्यास करेंगे।

करीब साढ़े 6 एकड़ जमीन पर बनने वाला यह सर्किट हाउस अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाओं से तैयार होगा। इसमें कुल 96 कमरे बनाए जाएंगे। इसके अलावा 500 लोगों की क्षमता वाला एग्जीबिशन हॉल और 200 व 50 लोगों की क्षमता वाले दो कॉन्फ्रेंस हॉल होंगे।

पार्किंग और रेस्टोरेंट भी बनेंगे

सुधा ने कहा कि सर्किट हाउस में दो रेस्टोरेंट बनाए जाएंगे। इनमें एक ग्राउंड फ्लोर और दूसरा छत पर होगा। दोनों से ब्रह्मसरोवर का नजारा दिखाई देगा। यहां करीब 100 स्टाफ सदस्यों के ठहरने और 400 वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था भी होगी।