• दुष्यंत चौटाला का मनोहर लाल के बयान पर पलटवार

पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने गुरुवार को जींद के उचाना हलके के खटकड़, बड़ौदा, करसिंधु और उचाना कलां समेत कई गांवों का दौरा किया। गांवों में कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने केंद्र और प्रदेश सरकार पर निशाना साधा।

चौटाला ने धान खरीद में 1500 से 2000 करोड़ रुपए की गड़बड़ी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकारी अमले और मिलरों की मिलीभगत से यह गड़बड़ी हुई। धान खरीद का सीजन खत्म होने के बाद वे आंकड़ों के साथ पूरे मामले का खुलासा करेंगे।

मनोहर लाल के बयान पर किया पलटवार

केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल के बयान पर पलटवार करते हुए चौटाला ने कहा, वहम का कोई इलाज नहीं होता। मनोहर लाल ने कहा था कि 50 साल तक सिस्टम को कोई बिगाड़ नहीं सकता।

चौटाला ने कहा कि कांग्रेस भी कभी सत्ता में अपनी बड़ी संख्या को लेकर ऐसा सोचती थी, लेकिन चौधरी देवीलाल ने न्याय युद्ध शुरू किया तो कांग्रेस का देश और प्रदेश में सूपड़ा साफ हो गया। उन्होंने कहा कि इस तरह का वहम पालने वालों को आने वाले समय में जनता वोट की ताकत से जवाब देगी।

6 दिसंबर की रैली के लिए दिया निमंत्रण

चौटाला ने यह भी कहा कि सरकार में इस्तीफे नहीं होने की बातें की जाती थीं, लेकिन केंद्रीय शिक्षा मंत्री को भी इस्तीफा देना पड़ा।चौटाला ने बताया कि पार्टी के नौवें स्थापना दिवस के मौके पर वे उचाना हलके के लोगों को 6 दिसंबर को महेंद्रगढ़ में होने वाली जन-जन अधिकार रैली का निमंत्रण देने पहुंचे हैं।

उन्होंने कहा कि इसी दिन बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की पुण्यतिथि है और चौधरी देवीलाल ने न्याय युद्ध शुरू किया था चौटाला ने कहा कि महेंद्रगढ़ से चौधरी देवीलाल का खास जुड़ाव रहा है। आपातकाल के दौरान उन्हें 19 महीने जेल में रखा गया था। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संविधान के दिए अधिकारों और न्याय की लड़ाई मजबूत करने के लिए रैली में बड़ी संख्या में पहुंचने की अपील की।