• बोले- मेरे ऊपर चुनावी पाबंदी नहीं, पार्टी आदेश करेगी तो मैं लड़ूंगा

जननायक जनता पार्टी (JJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अजय सिंह चौटाला वीरवार को भिवानी पहुंचे। जहां पर जेजेपी के 6 दिसंबर को महेंद्रगढ़ में आयोजित स्थापना दिवस रैली को लेकर कार्यकर्ताओं की बैठक ली। इस दौरान उन्होंने भाजपा व कांग्रेस पर भी जमकर निशाना साधा। इस दौरान राष्ट्रीय संगठन सचिव राजेंद्र लितानी, प्रदेशाध्यक्ष बृज शर्मा, युवा प्रदेशाध्यक्ष दिग्विजय सिंह चौटाला भी मौजूद रहे। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष जितेंद्र शर्मा और जिला प्रभारी कृष्ण बजीणा ने संयुक्त रूप से की। मंच संचालन हल्का अध्यक्ष एडवोकेट अवतार सांगवान ने किया।

डॉ. अजय चौटाला ने कहा कि अभी केंद्र की सरकार जिस तरिके से दाव लगाने की कोशिश में हैं, इसी चक्कर में हैं कि सांसद इधर-उधर हो जाएं। तो एक दिन का सेशन बुलाकर उस परिसीमन को लागू कर दिया जाए और महिला आरक्षण को लागू कर दिया जाए। क्या होता है उस पर निर्भर करता है। अवसर आएगा तो निश्चित तौर पर चुनाव लड़ा जाएगा। अब तो मेरे पर कोई चुनावी पाबंदी है नहीं। जहां पार्टी निर्णय करेगी वहां चुनाव लड़ूंगा।

भिवानी-महेंद्रगढ़ से चुनाव लड़ने की दावेदारी पेश करने को लेकर डॉ. अजय चौटाला ने कहा कि दावेदारी पेश करने की जरूरत नहीं हैं। पार्टी जो आदेश देगी, वहां से चुनाव लड़ूंगा। पार्टी ने आदेश दिया तो मैं राजस्थान जाकर लड़ा, पार्टी ने आदेश दिया तो मैं भिवानी-महेंद्रगढ़ आकर भी लड़ा। जो पार्टी आदेश करेगी तो लड़ूंगा।

बाप-बेटे ने बिठाया कांग्रेस का भट्‌ठा-चौटाला

डॉ. अजय चौटाला ने कांग्रेस पर निशाना साधा। इस दौरान उन्होंने कहा कि कांग्रेस की जूतियों में खीर बंटती है। जिस तरह के हालात इनके हैं, उनको लेकर प्रदेश का जन-जन यह बात कहता है कि भट्‌ठा कांग्रेस का इन बाप-बेटों ने बैठा दिया है। अन्यथा पिछले चुनाव में ही लोग कहा करते थे 65-70 सीटें कांग्रेस जीतेगी। लेकिन इन्होंने 17 सीटों पर बागी उम्मीदवार खड़े किए, बीजेपी से उनको फाइनेंस करवाया। उनको हरवाने का काम किया। आज भाजपा की सरकार अगर प्रदेश में तीसरी बार बनी है तो उसके लिए कोई जिम्मेदार है तो भूपेंद्र सिंह हुड्‌डा है।

भाजपा पर भी साधा निशाना

डॉ. अजय सिंह चौटाला ने भिवानी को अपना घर बताते हुए कहा की मुझे आज भी वह सभी पुराने कार्यकर्ता याद है जिन्होंने मुझे 1996 के भिवानी आगमन पर साथ दिया था। चौटाला ने कहा की उन्हे विश्वास है की अकेले भिवानी जिले से 10 हजार लोगों रैली स्थल पर पहुंचेंगे।

महेंद्रगढ़ रैली को हरियाणा में बदलाव की गवाह करार देते हुए कहा की यह रैली इतिहास के पन्नों में नाम दर्ज करवाएगी। भाजपा राज में किसान परेशान हैं। गुंडागर्दी चरम पर है। आए दिन लोगों को बदमाशो की धमकियां मिलती है। सरकार और उसका प्रशासन नाकाम नजर आता है। हालात इस कदर खराब है की बदमाशो को पनाह दे दी जाती है जबकि व्यापारी आढ़ती अपनी सुरक्षा स्वयं करता है। दक्षिण हरियाणा में पानी की समस्या के सवाल पर चौटाला ने कहा की जजपा ही दक्षिण हरियाणा तक पानी मुहैया करवाएगी इसका वह वादा करते हैं।