• पंचकूला में ली अंतिम सांस, संस्कार आज

हरियाणा के पूर्व कांग्रेस विधायक सतविंदर राणा (68) का लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। उन्होंने पंचकूला के एक निजी अस्पताल में अंतिम सांस ली। उनके चचेरे भाई राकेश राणा ने बताया कि वे लंबे समय से कैंसर से जूझ रहे थे और अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था।

उनका अंतिम संस्कार आज दोपहर 1 बजे उनके गृह क्षेत्र राजौंद में किया जाएगा। राणा के परिवार में उनकी धर्मपत्नी मंजू राणा के अलावा बेटा अरुण राणा और बेटी आरती राणा है। बेटे का चंडीगढ़ में प्राइवेट बिजनेस है, जबकि बेटी अमेरिका में सैटल हैं। दोनों शादीशुदा हैं।

सतविंदर राणा 3 दशक से अधिक समय तक हरियाणा की राजनीति में सक्रिय रहे। उन्होंने 2 बार विधायक के रूप में राजौंद क्षेत्र का विधानसभा में प्रतिनिधित्व किया। बाद में वे जननायक जनता पार्टी (JJP) में शामिल हो गए थे, लेकिन कुछ समय बाद कांग्रेस में लौट आए थे।

 

सतविंद्र राणा के 7 दिलचस्प राजनीतिक किस्से

  • पहली बार हार, फिर विधायक बनने तक का सफर : 1991 में सतविंद्र राणा ने राजौंद से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ा था, लेकिन जनता पार्टी के रामकुमार कटवाल से 2,619 वोटों से हार गए। इसके बाद 1996 में तिवारी कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ा और विधायक बन गए। खास बात यह है कि उन्होंने कांग्रेस से अलग हुए धड़े के टिकट पर अपनी पहली विधानसभा जीत दर्ज की।
  • दो बार विधायक बने, लेकिन राजौंद सीट ही खत्म हो गई : 1996 और 2005 में सतविंद्र राणा राजौंद से विधायक बने। लेकिन परिसीमन के बाद राजौंद विधानसभा क्षेत्र समाप्त हो गया। इस सीट के गांव अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में चले गए। इससे राणा को अपना पुराना राजनीतिक आधार छोड़कर नए क्षेत्र की तलाश करनी पड़ी।
  • कालका में भी आजमाई किस्मत : राजौंद सीट खत्म होने के बाद राणा ने कालका को अपना नया राजनीतिक क्षेत्र बनाया। उन्होंने 2009 और 2014 में कालका से चुनाव लड़ा, लेकिन विधायक नहीं बन पाए। यानी दो बार विधायक बनने के बाद लगातार दो चुनावों में उन्हें हार का सामना करना पड़ा।
  • जजपा में शामिल होकर कलायत से चुनाव लड़ा: करीब तीन दशक तक कांग्रेस में रहने के बाद 2019 विधानसभा चुनाव से पहले राणा जजपा में शामिल हो गए। उन्होंने कलायत से चुनाव लड़ा और करीब 37 हजार वोट हासिल किए। हालांकि वे तीसरे स्थान पर रहे। यह दिलचस्प है कि जिस राजौंद क्षेत्र से वे दो बार विधायक रहे थे, वह कलायत विधानसभा क्षेत्र में शामिल हो चुका था।
  • भाजपा-जजपा गठबंधन के बावजूद निर्दलीय प्रत्याशी का समर्थन : राजौंद नगरपालिका चुनाव में भाजपा-जजपा गठबंधन के बावजूद राणा ने अपनी पसंद के प्रत्याशी हरिपाल फौजी को निर्दलीय चुनाव लड़वाया। उन्होंने अपनी राजनीतिक साख भी दांव पर लगाई, लेकिन उनका समर्थित प्रत्याशी चुनाव हार गया।

विधायक हॉस्टल से गिरफ्तारी ने सुर्खियां बटोरीं

मई 2020 में पानीपत के समालखा में सील किए गए शराब गोदाम से शराब चोरी के मामले में पुलिस ने राणा को चंडीगढ़ के सेक्टर-3 स्थित विधायक हॉस्टल के पास से गिरफ्तार किया था। जांच में गोदाम में उनकी साझेदारी की बात सामने आई थी। राणा ने बाद में इसे राजनीतिक साजिश बताया। अदालत ने उन्हें बरी कर दिया था। यह मामला उनके राजनीतिक जीवन का सबसे चर्चित विवाद रहा।

जजपा छोड़कर फिर कांग्रेस में लौटे

अप्रैल 2024 में राणा ने जजपा छोड़ दी। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी में कार्यकर्ताओं, नेताओं और किसानों की अनदेखी हुई। इसके करीब एक महीने बाद 11 मई 2024 को रणदीप सुरजेवाला की मौजूदगी में कांग्रेस में वापसी कर ली। दिलचस्प बात यह है कि वे 1982 से 2014 तक कांग्रेस में रहे थे। यानी करीब 12 साल बाद उनकी कांग्रेस में वापसी हुई।