- कांग्रेस विधायक बोले- रात को चोरों की तरह आते हैं कर्मी, ध्यान दे सरकार
कैथल में गुहला से कांग्रेस विधायक देवेंद्र हंस ने सड़कों की खराब हालत को लेकर सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कैथल जिले के गांव भाटिया से पंजाब के रतनाहेड़ी जाने वाली सड़क के निर्माण में अनियमितताओं के आरोप लगाए हैं।
विधायक ने कहा कि भाजपा सरकार गुहला हलके की सड़कों पर ध्यान नहीं दे रही। असल में सड़कों का निर्माण ही नहीं हो रहा। कहीं सड़कें बनाई भी जा रही हैं तो वहां भारी अनियमितताएं बरती जा रही हैं।
दो माह में ही खराब हो गई सड़क
विधायक ने कहा कि भाटिया से रतनाहेड़ी जाने वाली सड़क दो महीने पहले ही बनी थी, लेकिन अभी से इसकी हालत खराब हो गई है। जगह-जगह गड्ढे बन गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सड़क पर सफेद पट्टियां रात के समय लगा दी गईं और सड़क से मिट्टी तक नहीं हटाई गई। इस कारण पट्टियां गायब हो गईं। विधायक के अनुसार, सरकार और अधिकारियों ने काम के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति की है।
रात के समय आते हैं कर्मचारी
विधायक ने आरोप लगाया कि कई जगहों पर सड़क पूरी तरह बनाई भी नहीं गई। ठेकेदार के कर्मचारी रात के समय आते हैं और काम करते हैं, ताकि कोई इन अव्यवस्थाओं पर ध्यान न दे सके।
उन्होंने कहा कि सरकार एक ओर हरियाणा की सड़कों को नंबर वन बनाने का दावा करती है, लेकिन धरातल पर कुछ नहीं किया जा रहा।
तीसरी परत भी नहीं बिछाई
विधायक देवेंद्र हंस ने कहा कि जिस तरह रात के समय चोर चोरी करने आते हैं, उसी तरह सड़कों के निर्माण का काम किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस सड़क पर कंकरीट की तीसरी परत भी बिछाई जानी थी, लेकिन ऐसा नहीं किया गया।
विधायक ने सरकार से गुहला हलके की सड़कों की ओर ध्यान देने की अपील की।
