• बोले- 5 महीने पहले सौंपी थी 6-7 कामों की फाइल, एक भी पूरा नहीं

सिरसा के विधायक गोकुल सेतिया की मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से नाराजगी की वजह सामने आई है। करीब 5 महीने पहले विधायक ने मुख्यमंत्री को सिरसा विधानसभा क्षेत्र से जुड़े 6 से 7 कार्यों की फाइल सौंपी थी, लेकिन इनमें से एक भी काम सिरे नहीं चढ़ पाया।

विधायक ने यह फाइल ग्रीवेंस मीटिंग के बाद मुख्यमंत्री को दी थी। उस समय सीएम ने फाइल लेते ही अपने पीए को सौंप दी थी, लेकिन अब तक किसी काम पर कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद जब मुख्यमंत्री अगली बार ग्रीवेंस मीटिंग में आए तो विधायक उसमें शामिल नहीं हुए।

अब 22 नवंबर को मुख्यमंत्री को फिर सिरसा में ग्रीवेंस मीटिंग लेनी है। इससे पहले विधायक सेतिया शहर में टूटी सड़कों, ठप सीवरेज और पार्किंग व सड़क निर्माण में घटिया सामग्री के इस्तेमाल के मुद्दे उठा रहे हैं। वह मौके पर पहुंचकर लाइव वीडियो जारी कर प्रशासन और सरकार को चेतावनी दे रहे हैं।

विधायक बोले- एक भी काम नहीं हुआ

विधायक गोकुल सेतिया ने कहा कि करीब 5 महीने पहले मुख्यमंत्री को सिरसा विधानसभा से जुड़े कुछ कार्यों की फाइल सौंपी थी। इनमें से एक भी काम नहीं हुआ और अधिकारी भी काम नहीं कर रहे हैं।

कांडा ने भी विकास कार्यों में तेजी लाने की मांग रखी

दूसरी ओर, पूर्व मंत्री गोपाल कांडा ने भी 4 दिन पहले मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से अचानक मुलाकात की। उन्होंने सिरसा में स्टॉर्म वाटर प्रोजेक्ट के काम में तेजी लाने, गलियों और सड़कों का निर्माण सही ढंग से कराने तथा टेंडर पूरे एस्टीमेट पर देने की मांग रखी। उन्होंने कम रेट पर टेंडर देने के बजाय विकास कार्यों में तेजी लाने की बात कही।

पेयजल और सीवरेज व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग

गोपाल कांडा ने पेयजल और सीवरेज व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग भी रखी। उनका कहना है कि मुख्यमंत्री के स्वयं शिकायत निवारण समिति की बैठक लेने सिरसा आने से जनता को उम्मीद है कि समस्याओं का जल्द समाधान होगा। अब देखना होगा कि पूर्व मंत्री कांडा की ओर से सौंपी गई फाइल पर मुख्यमंत्री कितना ध्यान देते हैं।

दो चुनाव के बाद से दोनों में टकराव बढ़ा

साल 2024 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के गोकुल सेतिया और हलोपा के गोपाल कांडा के बीच कांटे की टक्कर हुई थी। चुनाव के दौरान बूथ पर वोट खरीदने और पैसे बांटने के आरोप भी लगे थे। चुनाव आयोग के वोटर टर्न आउट एप के अनुसार, सिरसा विधानसभा क्षेत्र में 64 प्रतिशत मतदान हुआ था।

5 अक्टूबर 2024 को हुए चुनाव में गोकुल सेतिया को 79,020 और गोपाल कांडा को 71,786 वोट मिले थे। 8 अक्टूबर को हुई मतगणना में सेतिया ने 7,234 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की थी।

साल 2019 के विधानसभा चुनाव से ही दोनों के बीच विवाद और एक-दूसरे के खिलाफ बयानबाजी चल रही है।

मुख्यमंत्री की तारीफ भी कर चुके हैं विधायक

हालांकि, विधायक गोकुल सेतिया कई बार मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की तारीफ कर चुके हैं और उनके साथ मंच पर भी नजर आए हैं। इस पर कांडा परिवार भी तंज कस चुका है कि विधायक मुख्यमंत्री से मिलते हैं और मंच पर जाते हैं तो सिरसा के काम करवाएं, उन्हें कौन रोक रहा है।