हरियाणा के करनाल से सांसद व केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने भाजपा के राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा के बयान से किनारा कर लिया है। उन्होंने कहा कि यह पार्टी का विचार नहीं है। जिन बहनों ने सिंदूर खोया, उनके बारे में ऐसी बात करना गलत है।
जांगड़ा ने कल (24 मई) भिवानी में कहा था कि पहलगाम आतंकी हमले में अपना सुहाग खोने वाली महिलाओं में वीरांगना का भाव व जोश नहीं था, इसलिए 26 लोग गोली का शिकार बने। पर्यटक हाथ जोड़कर मारे गए।
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल रविवार को करनाल में थे। इस दौरान उनसे पूछा गया कि सांसद जांगड़ा ने पहलगाम आतंकी हमले को लेकर विवादित बयान दिया है।
इसके जवाब में मनोहर लाल ने कहा- ‘’ये कोई पार्टी की बात नहीं है। उनका अपना एक विचार हो सकता है। उन्होंने अपना एक स्पष्टीकरण दिया भी है। उन्होंने कहा कि मेरा भाव ये था कि महिलाओं को भी वीरांगना बनना चाहिए। लेकिन उसे गलत संदर्भ में लिया गया। जो बहनें सिंदूर खो चुकी हैं, उनके बारे में ये कहना उचित नहीं है। गलत है। इसमें जिनकी भावनाओं को ठेस पहुंची, जांगड़ा ने भी खेद व्यक्त किया है। मैं मानता हूं कि इस विषय को यहां समाप्त कर देना चाहिए।’’