हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री श्री अनिल विज ने कहा कि अम्बाला छावनी में तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जाएगा। तिरंगा यात्रा 13 अगस्त को अम्बाला छावनी के प्रमुख बाजारों से निकाली जाएगी। उन्होंने सभी से बढ़-चढ़कर तिरंगा यात्रा में भाग लेने का आह्वान किया।
श्री विज आज अम्बाला छावनी के पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में भारतीय जनता पार्टी अम्बाला छावनी की कोर कमेटी की बैठक में पदाधिकारियों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा के आयोजन को लेकर आगामी 10 अगस्त को भारतीय जनता पार्टी की बैठक होगी जिसमें बूथ स्तर तक के कार्यकर्ता शामिल होंगे। उन्होंने तिरंगा यात्रा को लेकर भाजपा कोर कमेटी के पदाधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए।
कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त को भारतीय जनता पार्टी द्वारा प्रत्येक वर्ष की भांति इस बार भी सुभाष पार्क के समक्ष ध्वजारोहण किया जाएगा। कोर कमेटी पदाधिकारियों से विचार-विमर्श के बाद निर्णय लिया गया कि इस बार नगर परिषद अध्यक्ष स्वर्ण कौर द्वारा स्वतंत्रता दिवस पर तिरंगा फहराया जाएगा। बैठक के दौरान हर घर तिरंगा एवं अन्य संगठनात्मक मुद्दों पर भी चर्चा की गई।
वन महोत्सव के तहत गांधी ग्राउंड में होगा पौधरोपण : मंत्री अनिल विज
कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने बताया कि सरकार द्वारा मानसून सीजन में वन महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में अम्बाला छावनी में 17 अगस्त को वन महोत्सव गांधी ग्राउंड में मनाया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बढ़चढ़कर कार्यक्रम में शामिल होकर पौधरोपण करने का आह्वान किया।
आज आयोजित हुई इस बैठक में भाजपा कोर कमेटी के सदस्य ओम सहगल, जसबीर सिंह जस्सी, सुरेंद्र बिंद्रा, नगर परिषद अध्यक्ष स्वर्ण कौर, उपाध्यक्ष ललता प्रसाद, बलविंद्र सिंह शाहपुर, राजीव गुप्ता डिम्पल, विजेंद्र चौहान, बीएस बिंद्रा, संजीव सोनी, अजय बवेजा, मदनलाल शर्मा, आशीष अग्रवाल, प्रवेश शर्मा, रवि बुद्धिराजा, हर्ष बिंद्रा, पुनीत सरपाल, विपीन खन्ना, भरत कोछड़, तरविंद्र सिंह, रामबाबू यादव सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।