मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि पिहोवा की सांस्कृतिक विरासत को सहेज कर भव्य एवं दर्शनीय पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की योजनाओं को सरकार अमलीजामा पहनाने का काम कर रही है। इन्हीं धरोहरों में शुमार ब्रह्मसरोवर हमारी संस्कृति की पहचान है, इसे जीवित रखना सरकार का दायित्व है। अहम पहलू यह है कि इसी ब्रह्मसरोवर व आस-पास लगभग 102 एकड़ में फैले इस तीर्थ पर देश विदेशों से प्रवासी पक्षी निर्धारित समय में भ्रमण के लिए आते है। जो इसके महत्व को दर्शाने का काम कर रहे है। इसके लिए सरकार तीर्थों पर जीर्णोद्घार कर उसे संजोकर रखने का काम कर रही है ताकि आने वाली भावी पीढ़ी इस सांस्कृतिक धरोहर को देख सके।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी रविवार को गांव थाना स्थित ब्रह्मसरोवर पर आयोजित कार्यक्रम में बोल रहे थे। इससे पहले मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, सांसद नवीन जिंदल, पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा, मुख्यमंत्री के ओएसडी भारत भूषण भारती, भाजपा नेता जय भगवान शर्मा डीडी ने ब्रह्मसरोवर तीर्थ का निरीक्षण किया और राजकीय स्कूल के प्रांगण में पौधा रोपण भी किया। इस दौरान ओएसडी भारत भूषण भारती ने ब्रह्मसरोवर पर चल रहे प्रोजेक्ट की प्रगति रिपोर्ट के बारे में विस्तार से जानकारी दी। यहां पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पौधा रोपण भी किया। इस कार्यक्रम में गांव के सरपंच द्वारा सौंपे गए मांग पत्र की सभी मांगों को संबंधित विभागों को भेजकर पूरा करवाने का आश्वासन दिया, साथ ही गांव के विकास के लिए 21 लाख रुपए अनुदान राशि देने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रदेश की जनता ने पहले केंद्र में भाजपा की सरकार को बनाया, फिर प्रदेश की सरकार को पूर्ण बहुमत से बनाया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार भी उसी गति से विकास कार्य कर रही है। आज प्रदेश में एक कोने से दूसरे कोने में जाने के लिए बनाए गए नेशनल हाईवे से 3 से 4 घंटे में सफर पूरा हो जाता है। ऐसा कोई जिला नहीं बचा है जो नैशनल हाईवे से नहीं जुड़ा हो।
उन्होंने कहा कि पंचायती जमीन पर 20 सालों से मकान बनाकर रहने वाले लोगों को 2004 के कलैक्टर रेट पर 500 गज तक की भूमि उनके नाम करने का कानून बनाया गया है। इससे बहुत गांवों में चल रहे कोर्ट के केस भी समाप्त हो गए, अंग्रेजों के समय से किसानों पर लग रहे अबियाने को जड़ से समाप्त किया गया और अबियाने की 133 करोड़ रुपए की राशि को भी प्रदेश सरकार ने माफ करने का काम किया है। उन्होंने कहा कि देश में हरियाणा पहला राज्य है जहां पर किसानों की सभी फसलों को एमएसपी पर खरीदा जाता है, साथ ही किसानों की सब्जी की फसल को भावांतर भरपाई योजना के तहत खरीदा जा रहा है।
सांसद नवीन जिंदल ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में कुरुक्षेत्र ही नहीं हरियाणा प्रदेश के हर क्षेत्र का सबका साथ सबका विकास और हरियाणा एक हरियाणवी एक की नीति के आधार पर विकास कार्य किए जा रहे है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पिहोवा हल्के के गांव स्योंसर और गांव थाना को अनेकों परियोजनाएं सौगात के रूप में दी है जो आने वाले समय में पिहोवा तीर्थ नगरी को विश्व दर्शनीय स्थली के रूप में एक नई पहचान देगी। गांव की सरपंच प्रियंका ने मुख्यमंत्री के साथ-साथ अन्य मेहमानों का स्वागत किया और मुख्यमंत्री के समक्ष गांव के विकास को लेकर मांग पत्र भी रखा।
इस मौके पर सांसद नवीन जिंदल, पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा, ओएसडी भारत भूषण भारती, भाजपा नेता जय भगवान शर्मा डीडी, भाजपा नेता सुभाष कलसाना, पूर्व विधायक कुलवंत बाजीगर, जिला अध्यक्ष तिजेन्द्र सिंह गोल्डी, जिप चेयरमैन कंवलजीत कौर, सचिन नंबरदार सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
