हालत स्थिर है और उन्हें छाती रोग विशेषज्ञ की निगरानी में रखा गया है

कांग्रेस नेता सोनिया गांधी को दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल सूत्रों ने बताया कि सोनिया गांधी को नियमित जांच के लिए सोमवार शाम को भर्ती कराया गया है। उनकी हालत स्थिर है और उन्हें छाती रोग विशेषज्ञ की निगरानी में रखा गया है।

सूत्रों के अनुसार, सोनिया गांधी को लंबे समय से खांसी की समस्या है, जिस वजह से वे समय-समय पर चेकअप के लिए आती रहती हैं। खासकर दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण के कारण उनकी दिक्कत बढ़ जाती है। सोनिया गांधी दिसंबर 2025 में 79 साल की हो चुकी हैं।

– पहले सोनिया को पेट में परेशानी के चलते अस्पताल में भर्ती कराया था
इससे पहले सोनिया को 15 जून 2025 को पेट में परेशानी के चलते सर गंगाराम अस्पताल के सर्जिकल गैस्ट्रोएंटरोलॉजी विभाग में भर्ती किया गया था। वे 3 से 4 दिनों तक भर्ती थीं। सोनिया की 7 जून को भी अचानक उनकी तबीयत खराब हो गई थी।

वे प्रियंका गांधी के साथ शिमला स्थित घर में छुट्टियां बिताने गई थीं। हालांकि, तबीयत खराब होने के चलते अगले दिन दिल्ली लौट आई थीं। उन्होंने 9 जून को सर गंगाराम अस्पताल में मेडिकल चेक-अप कराया था।