• 21 जनवरी को राहुल आ रहे, कुरुक्षेत्र में जिलाध्यक्षों की चल रही ट्रेनिंग

हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने राज्य के 20 जिलों में जिला कार्यकारिणी का विस्तार किया है। इसको लेकर पार्टी की ओर से लेटर जारी कर दिए गए हैं। तीन जिलों का विस्तार फिलहाल अभी रोक दिया है, जिसको बाद में जारी किया जाएगा। राहुल गांधी के हरियाणा दौरे से पहले पार्टी ने ये विस्तार किया है। राहुल गांधी 21 जनवरी को हरियाणा के कुरुक्षेत्र में आ रहे हैं। वह यहां चल रहे जिलाध्यक्षों की ट्रेनिंग सेशन में शामिल होंगे।

प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने बताया कि कांग्रेस हाईकमान के स्पष्ट दिशा-निर्देशों के अनुरूप पहले जिला अध्यक्षों की नियुक्तियां पूरी की जा चुकी हैं।

5 घंटे रहेंगे राहुल गांधी

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के हरियाणा दौरे पर मुहर लग गई है। वह 21 जनवरी को कुरुक्षेत्र में आयोजित कांग्रेस जिलाध्यक्षों के ट्रेनिंग कैंप में शामिल होंगे। वह अपने दौरे के दौरान करीब पांच घंटा ट्रेनिंग कैंप में कांग्रेस नेताओं से चर्चा करेंगे। 21 जनवरी को दोपहर 12:00 बजे वह कुरुक्षेत्र पहुंचेंगे और शाम 5 बजे तक कुरुक्षेत्र में ही रहेंगे। 23 जनवरी तक कुरुक्षेत्र में हरियाणा और उत्तराखंड के जिलाध्यक्षों का ट्रेनिंग कैंप आयोजित किया जा रहा है।

23 चलेगा ट्रेनिंग कैंप

कुरुक्षेत्र में 13 जनवरी से 22 जनवरी तक के लिए हरियाणा एवं उत्तराखंड के जिला अध्यक्षों एवं पदाधिकारीयों के लिए प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया है। ताकि संगठन का कार्य प्रभावी तरीके से चलाया जा सके। जानकारी देते हुए प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि राज्य के कुल 23 जिलों में से 20 जिलों में जिला कार्यकारिणी के विस्तार हेतु नई नियुक्तियां कर दी गई हैं। शेष तीन जिलों की नियुक्तियां भी अत्यंत शीघ्र पूरी कर उनकी घोषणा कर दी जाएगी।