फरीदाबाद जिले में कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह ने विपक्ष पर जमकर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्षी दल हमेशा जनता को गुमराह करने का काम करते हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी जो भी कानून बनाती है, वह पूरी तरह जनता के हित को ध्यान में रखकर बनाए जाते हैं।
सिंगल यूज प्लास्टिक पर लगे रोक
दिल्ली-एनसीआर में बढ़ते प्रदूषण को लेकर राव नरबीर सिंह ने बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि प्रदूषण पर प्रभावी नियंत्रण के लिए सिंगल यूज प्लास्टिक के इस्तेमाल पर पूरी तरह रोक लगाना बेहद जरूरी है। इसके लिए केवल सरकार नहीं, बल्कि आम जनता की जागरूक भागीदारी भी आवश्यक है। जब लोग स्वयं जिम्मेदारी समझकर सहयोग करेंगे, तभी प्रदूषण के स्तर में कमी लाई जा सकती है।
पेंशन मामले में सरकार कर रही विचार
बुजुर्गों की पेंशन में कटौती के सवाल पर कैबिनेट मंत्री ने कहा कि सरकार इस मुद्दे पर गंभीरता से दोबारा विचार कर रही है। यदि किसी तरह के संशोधन की जरूरत महसूस होगी, तो सरकार उसमें बदलाव कर संशोधित प्रस्ताव लाएगी।
विपक्ष फैला रहा भ्रम
विपक्ष पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि विपक्ष भ्रम फैलाने की राजनीति करता है, जबकि भाजपा जनता की समस्याओं को समझते हुए निर्णय लेती है। यदि किसी कानून को लेकर जनता की आपत्तियां सामने आती हैं, तो सरकार उसमें संशोधन करने से भी पीछे नहीं हटती।
राहुल गांधी को लेकर पूछे गए सवाल पर राव नरबीर सिंह ने कहा कि यदि राहुल गांधी विपक्ष के नेता बने रहते हैं, तो इससे नुकसान नहीं, बल्कि उनका ही फायदा है।
