• आप को बड़ा झटका, विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण के साथ फोटो वायरल

करनाल जिले में घरौंडा की राजनीति में बड़ा उलटफेर देखने को मिल सकता है। आम आदमी पार्टी से जुड़े रहे वरिष्ठ नेता और पूर्व चेयरमैन सुरेंद्र सिंगला ने बीजेपी में घर वापसी के संकेत दिए हैं। चंडीगढ़ सचिवालय में हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष एवं घरौंडा से विधायक हरविंद्र कल्याण के साथ उनकी एक तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हुई है।

तस्वीर को लेकर सिंगला ने खुद पुष्टि करते हुए कहा कि जल्द ही वे बीजेपी में घर वापसी करेंगे।

शिष्टाचार भेंट, लेकिन घर वापसी तय

सुरेंद्र सिंगला ने बताया कि उनकी हरविंद्र कल्याण से मुलाकात शिष्टाचार भेंट थी। हरविंद्र कल्याण उनके क्षेत्र के विधायक हैं और उनसे उनका पुराना प्रेम-प्यार रहा है। सिंगला ने कहा कि वे 2014 में बीजेपी में थे और अब फिर से घर वापसी करेंगे। उन्होंने बताया कि 2014 में राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ के नेतृत्व में उन्होंने बीजेपी जॉइन की थी। बाद में 2022 में उन्होंने आम आदमी पार्टी की टिकट पर नगरपालिका घरौंडा का चुनाव लड़ा था।

कई दलों में निभा चुके जिम्मेदारी

सुरेंद्र सिंगला का राजनीतिक सफर लंबा रहा है। वे कांग्रेस, इनेलो, बीजेपी और आम आदमी पार्टी में विभिन्न पदों पर रह चुके हैं। कांग्रेस में वे जिला कोषाध्यक्ष रहे, वर्ष 2010 में इनेलो में हरियाणा व्यापार सेल के सचिव का दायित्व संभाला। इसके बाद 2014 में बीजेपी में शामिल हुए और फिर 2022 में आप पार्टी से चुनाव मैदान में उतरे। सिंगला नगरपालिका घरौंडा के चेयरमैन भी रह चुके हैं।

2022 का कड़ा मुकाबला

नगर पालिका घरौंडा का चुनाव 19 जून 2022 को हुआ था और परिणाम 22 जून 2022 को घोषित किए गए थे। उस चुनाव में बीजेपी के हैप्पी लक गुप्ता ने 5,108 वोट हासिल कर जीत दर्ज की थी। आम आदमी पार्टी के सुरेंद्र सिंगला को 5,077 वोट मिले थे। दोनों के बीच जीत का अंतर केवल 31 वोट रहा था।

चुनाव में बीजेपी के बागी उम्मीदवार विनोद कुमार ने आजाद प्रत्याशी के तौर पर 3,172 वोट प्राप्त किए थे। कड़ी टक्कर के बावजूद हैप्पी लक गुप्ता विजयी रहे थे।

घरौंडा को मिला 16वां चेयरमैन

1959 में नगरपालिका बनने के बाद हैप्पी लक गुप्ता घरौंडा के 16वें चेयरमैन बने थे। इससे पहले लाला सीताराम, जगमोहन पाशी, हरिराम, रमेश गुप्ता, विजय सलूजा, काहन सिंह, रामनिवास शर्मा, मदन लाल वर्मा, इंदिरा रानी, सुरेंद्र सिंगला, सिंदर कौर, आजाद सिंह, सुभाष गुप्ता, कमलजीत विर्क और अमरीक सिंह इस पद पर रह चुके हैं। लाला सीताराम दो बार चेयरमैन बने थे।

अब सुरेंद्र सिंगला की संभावित घर वापसी को लेकर घरौंडा की राजनीति में नई चर्चा शुरू हो गई है। यदि वे औपचारिक रूप से बीजेपी में शामिल होते हैं, तो इसे आम आदमी पार्टी के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।