• कमेरे-व्यापारी के बीच इलेक्शन, हांसी की रैली का दिया न्यौता

जननायक जनता पार्टी (JJP) के युवा प्रदेश अध्यक्ष दिग्विजय चौटाला ने कहा कि राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी के साथ फिर से खेला हो सकता है, क्योंकि यह चुनाव कमेरे व व्यापारी वर्ग के बीच है।

हालांकि उन्होंने कहा कि यदि उनके पास राज्यसभा चुनाव के लिए ताकत होती तो वे कमेरे वर्ग के साथ खड़े होते। उनका इशारा कांग्रेस के उम्मीदवार कर्मवीर बौद्ध की तरफ था। जिसको उन्होंने कमेरे वर्ग का और बाबा साहेब अंबेडकर का अनुयायी बताया। इस दौरान उन्होंने जेजेपी की 13 मार्च को हांसी में होने वाली रैली को लेकर न्यौता भी दिया।

13 मार्च की जेजेपी की रैली हांसी में होगी

भिवानी के देवीलाल सदन में रविवार को मीडिया से बात करते हुए दिग्विजय चौटाला ने कहा कि 13 मार्च की जेजेपी की रैली हांसी में होगी। जिसमें समाजसवादी पार्टी के अध्यक्ष और यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव, सांसद आजम खान, धर्मेंद्र यादव, राजस्थान से सांसद हनुमान बेनिवाल व रविंद्र भाटी को रैली में विशेष तौर पर बुलाया है।

बादल परिवार से किसी व्यक्ति को बुलाए जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी ने सिर्फ उन्हीं लोगों को बुलाया है, जिनके बारे में बुलाने को लेकर विचार-विमर्श हुआ था।

राज्यसभा चुनाव में हरियाणा में हमेशा से खेला होता है

उन्होंने कहा कि इस रैली में सतलोक आश्रम के लोगों को विशेष तौर पर सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा खिलाड़ियों, आर्ट व लिट्रेचर के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने वाले लोगों को सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्यसभा चुनाव में हरियाणा में हमेशा से खेला होता है। 37 विधायक वाली पार्टी के चुनाव जीतने पर भी दिग्विजय चौटाला ने संशय जताया। उनका इशारा कांग्रेस पार्टी की तरफ था। उन्होंने कहा कि इससे पूर्व अजय माकन व सीनियर एडवोकेट आनंद सिंह की उम्मीदवारी के समय भी ऐसा खेला हुआ था।

राजनीति में होर्स ट्रेडिंग रूकनी चाहिए

उन्होंने कहा कि राजनीति में होर्स ट्रेडिंग रूकनी चाहिए। यदि राज्यसभा चुनाव में व्यापारी वर्ग जीतता है तो इससे प्रदेश में पूंजीवाद बढ़ेगा। नितिश कुमार के राज्यसभा में जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि नितिश कुमार देश के मजबूत नेता है, ऐसे व्यक्ति कभी रिटायर नहीं होते। उन्हें सीएम पद से हटाया नहीं गया, खुद ही पद छोड़ा है।

मंडियों में नजर आएंगे जजपा नेता व कार्यकर्ता

दिग्विजय चौटाला ने कहा कि 13 मार्च के बाद जजपा के सभी नेता व कार्यकर्ता मंडियों में किसानों के साथ खड़े पाएंगे। उनका इशारा मंडियों में सरसों व गेहूं आदि फसलों की खरीद शुरू होने के बाद फसल की सही खरीद को लेकर था।

अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर युद्ध के बाद बढ़े गैस के दामों पर उन्होंने कहा कि दामों का बढ़ना जनता के लिए उचित नहीं है। दुनिया में अपने आप को बड़ी ताकत बताने वाले 56 इंची सीना बताने वाले प्रधानमंत्री अब अपने फैसले अमेरिका के राष्ट्रपति से पूछकर करते है।