• करनाल पहुंची पूर्व सांसद बृजेन्द्र सिंह की सद्भाव यात्रा

करनाल जिले में पूर्व सांसद बृजेन्द्र सिंह सद्भाव यात्रा मंगलवार को नीलोखेड़ी क्षेत्र के गांव ऐबला जागीर पहुंची। यात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने फूल-मालाओं के साथ बृजेन्द्र सिंह का स्वागत किया। इस दौरान पूर्व मंत्री चौधरी वीरेंद्र सिंह व हरियाणा विधानसभा के पूर्व स्पीकर कुलदीप शर्मा भी मौजूद रहें। बृजेन्द्र सिंह ने कार्यकर्ताओं से संवाद किया और देश-दुनिया के मुद्दों पर अपनी बात रखी साथ ही कहा कि यात्रा का उद्देश्य प्रदेश में भाईचारा, शांति और विकास की भावना को मजबूत करना है।

इजराइल-ईरान जंग पर भारत की भूमिका को लेकर जताई चिंता

मीडिया से बातचीत में बृजेन्द्र सिंह ने कहा कि इजराइल और ईरान के बीच चल रहे यु्द्ध का असर भारत पर भी पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ आर्थिक असर तक सीमित नहीं है, बल्कि भारत की विदेश नीति की छवि पर भी प्रभाव पड़ रहा है। बृजेन्द्र सिंह ने कहा कि 78 साल के इतिहास में पहली बार ऐसा लग रहा है कि भारत प्रत्यक्ष रूप से किसी एक पक्ष के साथ खड़ा दिखाई दे रहा है।

युद्ध से एक दिन पहले मोदी जी इजराइल गए

बृजेन्द्र ने कहा कि भारत परंपरागत रूप से ऐसे अंतरराष्ट्रीय संघर्षों में तटस्थ भूमिका निभाता रहा है, लेकिन इस बार स्थिति अलग दिखाई दे रही है। उन्होंने यह भी कहा कि जब इस लड़ाई की शुरुआत हुई उससे एक दिन पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इजराइल में थे। उनके अनुसार पिछले डेढ़-दो वर्षों में दुनिया का कोई बड़ा नेता ऐसा नहीं दिखा जो गाजापट्टी की स्थिति के बीच इजराइल जाकर उसके समर्थन में खड़ा हुआ हो। बृजेन्द्र सिंह ने गाजापट्टी में हो रहे हालात को नरसंहार बताते हुए इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताया।