• दावा- क्रॉस वोटिंग के पीछे पूर्व CM का हाथ, पुरानी फाइलों से डरे

रोहतक जिले के महम में पूर्व विधायक बलराज कुंडू ने अपने कार्यालय पर प्रेस वार्ता कर हाल ही में हुई दो राज्यसभा सीटों के चुनाव को लेकर कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस विधायकों द्वारा की गई क्रॉस वोटिंग में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा की भूमिका रही है।

बलराज कुंडू ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के पांच विधायकों ने क्रॉस वोट डाली है और इसमें पूरा हाथ भूपेंद्र हुड्डा का है। उन्होंने आरोप लगाया कि विधायकों को हिमाचल प्रदेश ले जाकर सीधे विधानसभा में वोट डलवाया गया, फिर भी पार्टी के भीतर बाप-बेटे के बीच घमासान मचा हुआ है।

कुंडू ने कहा कि जब वे विधायक थे, तब उन्हें भी राज्यसभा चुनाव में वोट डालने के लिए ऑफर दिया गया था, लेकिन उन्होंने साफ मना कर दिया था। उनका कहना था कि कांग्रेस विधायकों को या तो किसी ऑफर के जरिए या फाइलों के डर से क्रॉस वोट डलवाई गई है।

हुड्डा ने डर के मारे डलवाई क्रॉस वोट

पूर्व विधायक ने कहा कि भूपेंद्र हुड्डा ने डर के मारे यह क्रॉस वोट डलवाई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी के भीतर अब आरोप-प्रत्यारोप का दौर चल रहा है और कई विधायक एक-दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं।

फिरौती मांगने के मामले पर भी बोले कुंडू

बलराज कुंडू ने बताया कि हाल ही में उनसे फिरौती मांगी गई थी। उन्होंने कहा कि 15, 16, 17 और 18 मार्च को फोन कर उनसे सेटलमेंट की बात कही गई। इस पर उन्होंने साफ जवाब दिया कि वे जनता के सेवक हैं और किसी को एक रुपया भी नहीं देंगे, चाहे जान ही क्यों न चली जाए।

उन्होंने बताया कि इस संबंध में जानकारी पुलिस विभाग के उच्च अधिकारियों को दे दी गई है। कुंडू ने कहा कि प्रदेश में जिस तरह से लोगों से फिरौती मांगी जा रही है, उस पर विपक्ष को आवाज उठानी चाहिए।

विधानसभा में मुद्दों की जगह शायरी में बीतता है समय

कुंडू ने कहा कि उन्होंने फिरौती के मामले की जानकारी भूपेंद्र हुड्डा को भी दी थी और उनसे विधानसभा में यह मुद्दा उठाने की अपील की थी। लेकिन विधानसभा में आधा समय शेर-ओ-शायरी में निकल जाता है, जबकि जनता से जुड़े गंभीर मुद्दों पर चर्चा नहीं होती। पूर्व विधायक ने कहा कि वे जनता के हितों की आवाज उठाते रहेंगे और किसी भी दबाव या धमकी से पीछे नहीं हटेंगे।