- कांग्रेस के वेलिड वोट किए रद्द
रोहतक में अपने आवास पर पहुंचे पूर्व सीएम एवं नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने चुनाव आयोग पर सवाल उठाते हुए कहा कि राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस के वेलिड वोटों को भाजपा के दबाव में चुनाव अधिकारी ने रद्द किया। यह मामला हाईकोर्ट में गया तो सारी पोल खुल जाएगी। इसको लेकर चुनाव आयोग और गवर्नर को शिकायत दी है।
भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि अर्जुन चौटाला के पल्ले कुछ नहीं है। 90 में से आज 2 विधायक है, पहले एक विधायक था और आगे जीरो हो जाएंगे। उनके बोलने से कुछ नहीं होता। इनेलो पार्टी अब खत्म हो चुकी है। इनेलो ने वोट क्यों नहीं दिया, यह उनसे जाकर पूछे।
इनेलो ने वोट न करने का फैसला कितने बजे किया
भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि इनेलो ने चुनाव में वोट न डालने का फैसला कितने बजे लिया, यह पूछे। पहले 2 बजे और उसके बाद 3 बजे पीसी करने की बात कही। जब देखा कि कांग्रेस का उम्मीदवार जीत रहा है तो वोट डालने से मना कर दिया।
सबसे अधिक भाजपा ने क्रॉस वोटिंग की
भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि अगर सतीश नांदल भाजपा के उम्मीदवार नहीं थे और सही मायने में निर्दलीय उम्मीदवार रहे तो कांग्रेस से अधिक क्रॉस वोट तो भाजपा ने दिए। सतीश नांदल के नोमिनेशन पर भी 3 निर्दलीयों के अलावा 7 भाजपा उम्मीदवारों का समर्थन है। इससे भाजपा की नीयत का पता चल रहा है कि किस भावना से उन्हें उतारा गया था।
कुलदीप वत्स से नहीं कोई नाराजगी
भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि कुलदीप वत्स से रोज मुलाकात होती है, कोई नई बात नहीं है। मेरी उससे कोई नाराजगी नहीं है और ये सब सिर्फ कहानियां है। गुस्से वाली बात पर कहा कि गुस्सा तो मैं भी हूं तो क्या कांग्रेस से नाराज हो जांऊ। लोगों ने सिर्फ अफवाह उड़ा रखी है।
राज्यपाल और इलेक्शन कमीशन को दे चुके नाम
भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि 5 लोगों ने क्रॉस वोटिंग की, जिन पर फैसला पार्टी करेगी। उन्हें नोटिस दे रखे है और एक सप्ताह में जवाब मांगा गया है। अभी उनके जवाब आने बाकी है। जिन लोगों के वोट रद्द किए गए हैं, उसकी शिकायत राज्यपाल और इलेक्शन कमीशन को दी गई है।
रामचंद्र जांगड़ा का नोमिनेशन था इनवेलिड
विधायक भारत भूषण बत्रा ने कहा कि जब दीपेंद्र हुड्डा और रामचंद्र जांगड़ा का चुनाव था तो रामचंद्र जांगड़ा का नोमिनेशन इनवेलिड था। यह आज भी रिकॉर्ड में है, कोई भी देख सकता है। रामचंद्र जांगड़ा सरकारी नौकरी पर था और फार्म के सभी खानों में निल कर रखा था। यहां तक कि अपनी इनकम भी छुपा रखी थी।
पार्टी से इस्तीफा देकर लोगों के बीच जाए
भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि जिन लोगों ने क्रॉस वोट किए। अगर उन्हें पार्टी में विश्वास नहीं है तो वह इस्तीफा देकर लोगों के बीच जाए, लोग उन्हें जवाब दे देंगे। 5 आदमियों ने क्रॉस वोट किए, जिनको लेकर पार्टी फैसला कर रही है। वोट क्रॉस करना और वोट कैंसिल होना, दोनों अलग बात है।
