• रोहतक में ढांडा बोले-हरियाणा में जब तक भूप्पी, तब तक भाजपा, इनाम देने जा रही बीजेपी

रोहतक में आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता अनुराग ढांडा ने राज्यसभा चुनाव में हुई क्रॉस वोटिंग को लेकर भूपेंद्र हुड्डा को निशाने पर लेते हुए कहा कि हरियाणा में जब तक भूप्पी, तब तक भाजपा, यह पूरे प्रदेश की जनता समझ चुकी है। हरियाणा में भाजपा और कांग्रेस के बीच सेटिंग चल रही है।

अनुराग ढांडा ने कहा कि कांग्रेस के विधायकों ने जिस प्रकार भाजपा के समर्थन में क्रॉस वोटिंग की, उसका इनाम भूपेंद्र हुड्डा को भारतीय जनता पार्टी देने जा रही है। एक साल तक बिना विपक्ष का नेता बने भूपेंद्र हुड्डा ने चंडीगढ़ में जिस कोठी पर कब्जा किया हुआ था, उनके ऊपर जुर्माने के रूप में 16.50 लाख रुपए लगाए गए।

अनुराग ढांडा ने कहा कि भूपेंद्र हुड्डा पर लगाए जर्माने को माफ करने के लिए भाजपा कैबिनेट की मीटिंग बुलाकर प्रस्ताव लाने जा रही है। इससे साफ समझ आता है कि भूपेंद्र हुड्डा ने हर बार राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग करके भाजपा को फायदा पहुंचाने का ठेका ले रखा है। पिछले 2 बार भाजपा के राज्यसभा में सांसद बनवा चुके है। तीसरी बार थोड़ी सी चूक रह गई, वरना काम कर दिया था।

जनता के वोट को भूपेंद्र हुड्डा ने बेचा
अनुराग ढांडा ने कहा कि कांग्रेस के कार्यकर्ता मेहनत करते हैं, एक-एक वोट को एकत्रित करके विधायक बनवाते है। लेकिन भूपेंद्र हुड्डा उन लाखों लोगों की वोट से चुनकर बने विधायकों के वोट को भाजपा के हाथों बेचने का काम करते है। जब तब हरियाणा में भूपेंद्र हुड्डा विपक्ष के नेता बने रहेंगे, तब तक भाजपा की सरकार बनी रहेगी।

हुड्डा के खास विधायकों के नाम नहीं किए सार्वजनिक
अनुराग ढांडा ने कहा कि राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग को लेकर कांग्रेस ने केवल 4 लोगों के नाम सार्वजनिक किए, जबकि 5 विधायकों के नाम क्यों नहीं बता रहे। कांग्रेस के 25 प्रतिशत विधायक भाजपा के हाथो बिक गए। 4 नामों के अलावा जो विधायक है, वो भूपेंद्र हुड्डा के खास है, इसलिए नाम नहीं बताए जा रहे।

हरियाणा में भूपेंद्र हुड्डा बने भाजपा के स्लीपर सेल
अनुराग ढांडा ने कहा कि भूपेंद्र सिंह हुड्डा हरियाणा में भाजपा के स्लीपर सेल के तौर पर काम कर रहे है। राहुल गांधी ने गुजरात में कहा था कि कुछ कांग्रेस के नेता भाजपा के स्लीपर सेल बने हुए है, लेकिन कुछ कर नहीं पाए। वैसे ही हरियाणा में भूपेंद्र हुड्डा स्लीपर सेल है, लेकिन राहुल गांधी उनका भी कुछ नहीं कर सकते।

हरियाणा में भाजपा और कांग्रेस की सेटिंग
अनुराग ढांडा ने कहा कि हरियाणा में भाजपा और कांग्रेस के बीच सेटिंग चल रही है। व्यापारियों को धमकी मिल रही है। लेकिन कोई भी मुद्दा विपक्ष नहीं उठा रहा। क्योंकि कांग्रेस और भाजपा के बीच तालमेल बना हुआ है। भूपेंद्र हुड्डा पर कार्रवाई इसलिए नहीं कर रहे, क्योंकि भूपेंद्र हुड्डा को भाजपा के शीर्ष नेतृत्व का समर्थन है।