- हिमंता ने कहा- कांग्रेस की सरकार पाकिस्तान में बनेगी, थरूर बोले- केरल बदलाव चाहता है
केरल के CM पिनाराई विजयन ने गुरुवार को कहा- राहुल गांधी एक नेशनल लीडर हैं, फिर भी उनमें कांग्रेस के एक आम लोकल वर्कर जितनी बेसिक जानकारी भी नहीं है। वे अपने अनुभव या गलतियों से भी नहीं सीखते। राहुल गांधी और उनकी कांग्रेस देश में BJP की ‘B-टीम’ हैं।
कांग्रेस नेता शशि थरूर ने पिनराई के बी टीम वाले बयान को बकवास बताया। थरूर ने कहा- हमें किसी की B टीम में कोई दिलचस्पी नहीं है, क्योंकि हम केरल की A-टीम हैं। BJP और LDF दोनों नहीं चाहते कि कांग्रेस पार्टी राज्य में सत्ता में आए। केरल के लोग बदलाव चाहते हैं। वहीं, असम के सीएम हिमंता बिस्वा सरमा ने कहा कि कांग्रेस की सरकार भारत में तो नहीं, पाकिस्तान में बन सकती है।
असम CM बोले- कांग्रेस के पास कोई ठोस एजेंडा नहीं
असम के नगांव में मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा- विपक्ष के पास कोई ठोस एजेंडा नहीं है और जनता ने पिछले 60 सालों में उनका काम देख लिया है, इसलिए अब लोग उन्हें समझ चुके हैं।
तमिलनाडु में AIADMK की पहली लिस्ट जारी
तमिलनाडु की मुख्य विपक्षी पार्टी AIADMK ने अपने 23 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की। AIADMK ने बताया कि पार्टी प्रमुख पलानीस्वामी अपने गृह क्षेत्र, सेलम की एडप्पाडी विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे।
पोलिंग स्टाफ का मानदेय बढ़ा, टिफिन भत्ता ₹150 से ₹500
चुनाव आयोग ने पांच राज्यों में चुनाव से पहले पोलिंग और काउंटिंग ड्यूटी में लगे अधिकारियों और कर्मचारियों का मानदेय बढ़ा दिया है। नई दरों के तहत प्रेसीडिंग ऑफिसर का दैनिक भत्ता ₹350 से बढ़ाकर ₹500 कर दिया गया है, जबकि पोलिंग ऑफिसर को अब ₹400 प्रति दिन मिलेंगे। काउंटिंग असिस्टेंट का भत्ता ₹450 और चौथी श्रेणी कर्मचारियों का ₹350 प्रति दिन कर दिया गया है।
माइक्रो-ऑब्जर्वर्स का मानदेय भी दोगुना कर ₹2,000 कर दिया गया है। वहीं, पोलिंग स्टाफ, पुलिस और होमगार्ड के लिए टिफिन भत्ता ₹150 से बढ़ाकर ₹500 प्रति दिन कर दिया गया है। क्लास I और II कर्मचारियों का एकमुश्त भुगतान ₹3,000 और क्लास III कर्मचारियों का ₹2,000 कर दिया गया है। CAPF अधिकारियों और अन्य सुरक्षा बलों के भत्तों में भी बढ़ोतरी की गई है।
