• CM सैनी का टैक्स में छूट का ऐलान, पूर्व मंत्री ने भाजपा जॉइन की

हरियाणा में नगर निकाय चुनाव का रण पूरी तरह सज चुका है। बुधवार को भारतीय जनता पार्टी ने पंचकूला स्थित प्रदेश कार्यालय ‘पंचकमल’ में अपना संकल्प पत्र जारी कर दिया। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पार्टी के दिग्गज नेताओं की मौजूदगी में इस विजन डॉक्यूमेंट का विमोचन किया, जिसमें शहरी विकास, सुशासन और नागरिक सुविधाओं को प्राथमिकता दी गई है।

कार्यक्रम में बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली, संगठन मंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा समेत भाजपा के अनेक दिग्गज नेता एवं मंत्री शामिल रहे। इनमें कैबिनेट मंत्री कृष्णलाल पंवार, कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा, राजयसभा सांसद कार्तिकेय शर्मा, कालका से विधायक शक्तिरानी शर्मा, पूर्व स्पीकर ज्ञानचंद गुप्ता और पंचकूला मेयर उम्मीदवार श्यामलाल बंसल शामिल रहे।

पूर्व मंत्री समेत कई ने भाजपा जॉइन की

कार्यक्रम में पूर्व मंत्री राजकुमार बाल्मीकि, हिसार से जयसिंह बिश्नोई, गुरूग्राम से जगदीश मांडोली, रेवाड़ी सुरेंद्र मड़िया, अनिल यादव सरपंच, पवन यादव और कैथल से अनिल (पूर्व मंत्री के बेटे) समेत दर्जनों लोगों ने बीजेपी जॉइन की। झज्जर के पूर्व वाइस चेयरमैन योगेश सिलानी को पार्टी में जॉइन कराया गया है। इन नेताओं का सीएम नायब सिंह सैनी और बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली ने पार्टी का पटका पहनाकर स्वागत किया।

1. आवास और बुनियादी ढांचा

आवास एवं पुनर्वास: राजीव और इंदिरा कॉलोनी के निवासियों के पुनर्वास के लिए खड़क मंगोली में ₹300 करोड़ की लागत से 2100 फ्लैटों का निर्माण किया जाएगा ।
स्वामित्व योजना: 20 वर्षों से अधिक समय से रह रहे परिवारों को भूमि और मकान का कानूनी मालिकाना हक (रजिस्ट्री) दिया जाएगा ।
प्रशासनिक सुधार: ₹280 करोड़ की लागत से एकीकृत कमांड एवं नियंत्रण केंद्र (ICCC) और ₹20 करोड़ की लागत से नगर निगम कार्यालय का निर्माण होगा ।
2. स्वच्छता और जल प्रबंधन

पिंक टॉयलेट: महिलाओं के लिए विशेष शौचालय बनाए जाएंगे जिनमें सेनेटरी नैपकिन वेंडिंग मशीन और शिशु आहार कक्ष की सुविधा होगी ।
सीवरेज और जल निकासी: बरसाती पानी की निकासी के लिए आधुनिक तकनीक (MWJL) का उपयोग होगा। ₹160 करोड़ की लागत से 5 नए सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (76 MLD क्षमता) बनाए जाएंगे ।
कचरा प्रबंधन: ₹100 करोड़ की लागत से घर-घर कूड़ा उठाने, उसके प्रसंस्करण और मशीनों द्वारा सफाई का कार्य किया जाएगा ।
3. कनेक्टिविटी और यातायात

फ्लाईओवर और पुल: राष्ट्रीय राजमार्ग-05 पर दो फ्लाईओवरों का निर्माण और घग्गर नदी पर एक नए पुल का निर्माण किया जाएगा ।
मॉडल सड़कें: मुख्य सड़कों को ₹50 करोड़ की लागत से ‘मॉडल सड़कों’ के रूप में विकसित किया जाएगा ।
पार्किंग: यातायात सुगम बनाने के लिए आवश्यकतानुसार मल्टीलेवल पार्किंग बनाई जाएगी ।

4. स्वास्थ्य, खेल और शिक्षा

स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स: ₹170 करोड़ की लागत से विश्व-स्तरीय शूटिंग रेंज और गाँव नग्गल में ₹80 करोड़ का स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स बनाया जाएगा ।
स्मार्ट लाइब्रेरी और पार्क: पार्कों में ओपन जिम, योग क्षेत्र और दिव्यांगों के लिए विशेष सुविधाएं दी जाएंगी। साथ ही आधुनिक स्मार्ट पुस्तकालयों का नेटवर्क बनाया जाएगा ।

5. अन्य महत्वपूर्ण घोषणाएं

पशु प्रबंधन: आवारा पशुओं की समस्या के समाधान हेतु नसबंदी अभियान और गाँव सुखदर्शनपुर में डेयरी कॉम्प्लेक्स व नग्गल में नंदीशाला का निर्माण होगा ।
टैक्स में छूट: महिलाओं के नाम पर पंजीकृत मकानों के हाउस टैक्स में 25% की छूट दी जाएगी ।
डिजिटलीकरण: जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, बिल भुगतान और बिल्डिंग प्लान अप्रूवल जैसी सेवाओं को पूरी तरह ऑनलाइन किया जाएगा ।
ग्रीन एनर्जी: सभी स्ट्रीट लाइट्स को एलईडी में बदला जाएगा और पात्र परिवारों को ‘पीएम-सूर्य घर योजना’ के तहत सोलर पैनल दिए जाएंगे ।
भाजपा का फोकस शहरी विकास और नागरिक सेवाओं पर

सीएम नायब सैनी की मौजूदगी में प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली कई बड़े चेहरों को भी पार्टी में शामिल करवा सकते हैं। दोनों नेता नगर निकाय चुनाव को लेकर पार्टी की रणनीति और प्राथमिकताओं को सामने रखेंगे। भाजपा का संकल्प पत्र शहरी विकास, सफाई व्यवस्था, बुनियादी सुविधाओं और नागरिक सेवाओं पर केंद्रित है। कार्यक्रम में पार्टी के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल होंगे।

कांग्रेस पहले ही जारी कर चुकी है घोषणा पत्र

कांग्रेस पार्टी पहले ही अपना घोषणा पत्र जारी कर चुकी है। चंडीगढ़ में आयोजित प्रेस वार्ता में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने इसकी घोषणा की थी। कांग्रेस ने शहरों के लिए दस बड़े चुनावी वादे जनता से किए हैं।