- किसी एक के सहारे कांग्रेस नहीं चल सकती
रोहतक में सद्भाव यात्रा के दौरान पूर्व विधायक व पूर्व स्पीकर कुलदीप शर्मा ने मंच से भूपेंद्र सिंह हुड्डा को लेकर तंज कसते हुए कहा कि बृजेंद्र की सद्भाव यात्रा में चाचा को भी बधाई देने आना चाहिए था। राजनीति में बड़ा दिल रखे बिना कुछ नहीं मिलता। अपने विरोधियों का भी सम्मान करना चाहिए, यहां तो अपने है और अपनाने की बात है।
कुलदीप शर्मा ने भूपेंद्र हुड्डा का नाम लिए बिना कहा कि एक व्यक्ति से काम नहीं चलेगा। कांग्रेस में व्यक्तिवाद हावी नहीं हो सकता। भाजपा से अगर आजादी चाहते हैं तो 36 बिरादरी के भाईचारे को साथ लेकर चलना पड़ेगा। किसी एक व्यक्ति से सहारे कांग्रेस नहीं चल सकती।
सद्भाव तोड़ने वाले का नाम लेना ठीक नहीं
पूर्व स्पीकर कुलदीप शर्मा ने कटाक्ष करते हुए कहा कि सद्भाव को तोड़ने वाले कौन हैं, वह सब जानते हैं। मैं अभी उसका नाम नहीं लूंगा। मैं बोलूंगा तो बोलेंगे कि बोलता है। फिर किसी दिन इसके बारे में बात करेंगे। कुलदीप शर्मा ने महंगाई को लेकर कहा कि मेरी उम्र की तरह तेल की कीमत बढ़ रही हैं और बृजेंद्र सिंह की उम्र की तरह रुपया घट रहा है।
दिल्ली में बैठकर हरियाणा के भाइचारे को तोड़ने की साजिश रची
राज्यसभा सांसद रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि 12 साल पहले एक ऐसी पार्टी ने हरियाणा में सत्ता ले ली, जिसे यह समझ आ गया कि वो हरियाणा में आ नहीं सकते। जब तक वो हरियाणा के भाईचारे को बुलडोजर के नीचे कुचल नहीं देते। हरियाणा के भाईचारे को बुलडोजर के नीचे रोंदने की साजिश दिल्ली में बैठकर रची गई। हरियाणा में जातियों को आपस में लड़वाने का काम किया गया।
पाकिस्तान से आए लोगों का दर्द समझते
रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि पाकिस्तान से जो लोग आए, मेरी मां भी पाकिस्मान से आई थी, इसलिए उनका दर्द वह समझते हैं। रोहतक में उनकी दुकानों को जलवा दिया। किसान के बेटों को पुलिस की गोलियां मरवा दी। ब्राह्मण समाज को पब्लिक सर्विस कमीशन चेयरमैन से गालियां दिलवाई गई। यह सब भाईचारे को तोड़ने के लिए किया गया।
आईएमटी से फैक्ट्रियां कर रही पलायन
रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि रोहतक में कांग्रेस सरकार ने आईएमटी बनाई, लेकिन वहां की सड़कों की हालत देख लो। कई फैक्ट्रियां तो आईएमटी से जा चुकी है। जब तक लोग बंटते रहेंगे, तब तक ऐसे ही भाजपा हमें लूटती रहेगी। 58 साल में पहली बार पेट्रोल 100 रुपए पार हो गया। यही है भाजपाई महंगाई की मार, ऐसी है भाजपा सरकार। जो जात में बाटेंगे, वो पेट्रोल की कीमत नहीं बताएंगे।
जात की फोटो दिखाएंगे, जेब काटते जाएंगे
रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि भाजपा हमेशा जात-पात की राजनीति करती है। वो जात की फोटो दिखाएंगे और आपकी जेब काटते जाएंगे। आज देश में 114 लाख क्विंटल खाद की कमी है, जो सरकार नहीं बताएगी। 15 दिन बाद यह बात सामने आ जाएगी। इसलिए पीएम मोदी कहते है कि आधी खाद इस्तेमाल करो। जिस दिन जात-पात छोड़कर लोग एकसाथ खड़े हो जाएंगे, उस दिन सरकार अपने आप आपके कदमों में आ जाएगी।
राहुल गांधी के प्रतिनिधि के तौर पर हुआ शामिल
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि वह राहुल गांधी के प्रतिनिधि के तौर पर यात्रा के समापन समारोह में शामिल हुए, जिससे सारी कांग्रेस शामिल हो गई। कांग्रेस एक हैं और एक रहेगी। नौजवानों को दरकिनार नहीं किया जा सकता। 2014 में भाजपा ने वायदा किया था कि दो करोड़ लोगों को रोजगार देंगे, लेकिन रोजगार नहीं दिया। नौजवानों की भावनाओं को सरकार को समझना चाहिए।
