• समर्थकों की मीटिंग से भी गायब रहे

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने सोमवार को कुलदीप बिश्नोई से दिल्ली स्थित आवास पर जाकर मुलाकात की थी। मुलाकात के दौरान हिसार से नलवा विधायक रणधीर पनिहार मुख्यमंत्री के साथ रहे थे। अब इस मुलाकात का VIDEO सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें कुलदीप बिश्नोई पनिहार के सीएम के साथ आने पर नाखुश नजर आ रहे हैं।

उन्होंने पनिहार को लेकर तंज कसते हुए कहा कि” यह तो आजकल आपका भक्त हो रहा है। यह बात सुनकर मुख्यमंत्री भी हंसने लग जाते हैं और कहते हैं नहीं ऐसा नहीं है। कुलदीप बिश्नोई की इस बात के तरह-तरह मायने राजनीतिक गलियारों में निकाले जा रहे हैं। दिल्ली से आने के बाद जब कुलदीप बिश्नोई ने खास समर्थकों के साथ बैठक की थी, तो उसमें गायब दिखे। उसी दिन पनिहार चंडीगढ़ में सीएम के साथ थे।

हालांकि पनिहार से जब इसके बारे में पूछा गया, तो उनका कहा था कि मुझे मीटिंग की जानकारी नहीं थी। यह पार्टी की मीटिंग नहीं थी। कुलदीप अपने सिस्टम से मीटिंग बुलाते रहते हैं, वह मेरे अजीज हैं। इसी तरह योग दिवस को लेकर भी एक कार्यक्रम में पनिहार सीएम के साथ योग करते दिखाई दिए थे।

दो साल बाद हालात व जज्बात बदल गए

दरअसल, दो साल पहले लोकसभा चुनाव में हिसार से टिकट न मिलने पर भी कुलदीप बिश्नोई भाजपा से नाराज हो गए थे। कुलदीप बिश्नोई को मनाने के लिए तब भी मुख्यमंत्री नायब सैनी दिल्ली स्थित बिश्नोई हाउस पहुंचे थे। उस समय पनिहार भी मौजूद थे।

खास बात यह थी कि पनिहार सीएम के आने से पहले कुलदीप के घर पर थे मगर अब पनिहार मुख्यमंत्री के साथ कुलदीप बिश्नोई के घर पहुंचे। अबकी बार जब पनिहार कुलदीप के घर पहुंचे तो कुलदीप बिश्नोई उनसे दूरी बनाते हुए नजर आए। दोनों दूर-दूर बैठे।

कुलदीप बिश्नोई ने दिलवाया रणधीर पनिहार को टिकट

रणधीर पनिहार पूर्व सांसद कुलदीप बिश्नोई के दोस्त हैं। कुलदीप बिश्नोई ने ही लॉबिंग कर रणधीर पनिहार को भाजपा का टिकट दिलवाया था। इतना ही नहीं, रणधीर के लिए प्रचार भी किया। इस विधानसभा चुनाव में रणधीर पनिहार की जीत हुई, लेकिन आदमपुर से कुलदीप बिश्नोई के बेटे भव्य बिश्नोई अपनी पैतृक सीट हार गए। इसके अलावा, कुलदीप बिश्नोई के भाई दुड़ाराम बिश्नोई भी फतेहाबाद से चुनाव हार गए।