- अच्छे कामों का विरोध करती है कांग्रेस
हरियाणा के वरिष्ठ भाजपा नेता और कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पवार ने चंडीगढ़ में कांग्रेस के प्रदर्शन और दिल्ली में अन्य विपक्षी दलों के विरोध-प्रदर्शन को लेकर तंज कसा है। उन्होंने विपक्षी पार्टियों के विरोध को अस्तित्व बचाने की नाकाम कोशिश करार देते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी का अब हर अच्छे और बुरे काम का विरोध करना एक तय नियम बन चुका है।
इसके साथ ही कैबिनेट मंत्री ने कांग्रेस नेत्री किरण चौधरी द्वारा पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर दिए गए बयान का खुलकर समर्थन भी किया।
दिल्ली में विपक्षी दलों द्वारा किए गए प्रदर्शन पर प्रतिक्रिया देते हुए कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पवार ने बेहद कड़े शब्दों का इस्तेमाल किया। उन्होंने कहा कि विपक्षी पार्टियों का दिल्ली में किया गया यह तथाकथित बड़ा प्रदर्शन पूरी तरह टॉय-टॉय फिस्स साबित हुआ है। आज के समय में धरातल (जमीनी स्तर) पर इन दलों का कोई वजूद या अस्तित्व नजर नहीं आ रहा है, जनता इन्हें पूरी तरह नकार चुकी है।
अच्छे कामों का विरोध करना कांग्रेस का नियम
चंडीगढ़ में कांग्रेस पार्टी द्वारा किए गए हालिया प्रदर्शन को लेकर कृष्ण लाल पवार ने कहा कि आज कांग्रेस के पास कोई ठोस नीति या मुद्दा नहीं बचा है। जनता के हित में सरकार द्वारा किए जा रहे अच्छे कार्यों का विरोध करना भी अब कांग्रेस पार्टी का एक नियम और आदत बन चुका है। पवार ने दावा किया कि देश और प्रदेश की राजनीति में आज कांग्रेस पार्टी का वजूद और अस्तित्व पूरी तरह समाप्त हो चुका है।
हुड्डा पर किरण चौधरी के बयान का किया समर्थन
कांग्रेस की वरिष्ठ नेत्री किरण चौधरी द्वारा भूपेंद्र सिंह हुड्डा को लेकर दिए गए हालिया बयान और उनके भाजपा के साथ कथित संपर्कों की चर्चा पर कैबिनेट मंत्री ने बड़ा बयान दिया। पवार ने कहा, किरण चौधरी को कांग्रेस पार्टी में काम करने का बहुत लंबा और गहरा अनुभव है। मुझसे कहीं ज्यादा भूपेंद्र सिंह हुड्डा के तौर-तरीकों को किरण चौधरी समझती हैं।
उन्होंने आगे कहा कि किरण चौधरी ने भूपेंद्र सिंह हुड्डा के BJP में संपर्क में होने को लेकर जो भी बयान दिया है, वह उनके इसी अनुभव पर आधारित है। मैं किरण चौधरी के उस बयान का पूरी तरह समर्थन करता हूं, क्योंकि कांग्रेस की अंदरूनी राजनीति और नेताओं को उनसे बेहतर कोई नहीं जान सकता।
