फतेहाबाद जिले के टोहाना शहर के रतिया रोड स्थित निजी पैलेस में अरोड़ा-खत्री परिवार ने महाराजा अरुट जयंती महोत्सव का आयोजन किया। इस कार्यक्रम में समाज के सैकड़ों लोग शामिल हुए और महाराजा अरुट के जीवन आदर्शों का स्मरण किया।
समारोह में हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण मिड्ढा, राज्यसभा सांसद सुभाष बराला, हांसी विधायक विनोद भ्याना और यमुनानगर विधायक घनश्याम दास अरोड़ा उपस्थित रहे। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री अनिल विज चीफ गेस्ट बनाए गए थे। मगर वह नहीं पहुंचे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता रविंद्र मेहता और स्वीटी मेहता ने की। मंच से रविंद्र मेहता ने हरियाणा सरकार से मांग की कि प्रदेश के सभी जिलों और विधानसभा क्षेत्रों में महाराजा अरुट के नाम पर चौक और मुख्य द्वार बनाए जाएं। उन्होंने तर्क दिया कि इससे नई पीढ़ी उनके त्याग और शौर्य से प्रेरणा ले सकेगी।
डॉ.मिड्ढा बोले- महाराजा अरूट ने समाज को एकता व सेवा का संदेश दिया
डॉ. कृष्ण मिड्ढा ने अपने संबोधन में कहा कि महाराजा अरुट ने समाज को एकता और सेवा का संदेश दिया था। राज्यसभा सांसद सुभाष बराला ने अरोड़ा-खत्री समाज के योगदान की सराहना की। अन्य विधायकों ने भी समाज को संगठित रहने और शिक्षा पर ध्यान केंद्रित करने का आह्वान किया।
यमुनानगर के विधायक घनश्याम दास ने मंच से बताया कि उनके विधानसभा क्षेत्र में महाराजा अरुट के नाम पर चौक बनाने का कार्य प्रगति पर है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि जो समाज अपना इतिहास भूल जाता है, वह समाप्त हो जाता है।
