- स्टाफ आधा घंटा प्रदर्शन के बाद लौटा
हरियाणा के कुरुक्षेत्र में लोकनायक जयप्रकाश सिविल (LNJP) अस्पताल में 15 साल की लड़की के साथ रेप और नर्सिंग स्टाफ पर हुई टिप्पणी को लेकर शुरू हुआ विवाद राजनैतिक रंग ले चुका है। बुधवार को हरियाणा कांग्रेस महिला प्रदेश अध्यक्ष पर्ल चौधरी अस्पताल पहुंचीं। दावा किया उनकी जिला टीम ने रेप पीड़ित बेटी के साथ मुलाकात की।
साथ ही नर्सिंग स्टाफ का समर्थन भी किया। उन्होंने आरोपी डॉक्टर शैलेंद्र शर्मा शैली के पुराने मामले की भी जांच की जाए। साथ ही उसके पिछले 20 वर्षों के रिकॉर्ड को खंगाला जाए। डॉक्टर की अपॉइंटमेंट में किसके सिग्नेचर हैं और कौन-कौन इस मामले में इनवॉल्वड है। उसकी भी विभागीय जांच होनी चाहिए।
रेप पीड़िता से मिली जिला टीम
पर्ल चौधरी ने कहा कि रेप के आरोपी डॉक्टर के खिलाफ केवल वर्तमान मामले की जांच पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसके पिछले 20 वर्षों के रिकॉर्ड को भी खंगाला जाना चाहिए। आरोपी पहले भी गंभीर आरोपों का सामना कर चुका था और जेल जा चुका था, तो आखिर उसकी दोबारा नियुक्ति किसके आदेश पर हुई?
विभागीय जांच हो- पर्ल
नियुक्ति प्रक्रिया में किन अधिकारियों के हस्ताक्षर थे और किस स्तर पर उसे संरक्षण मिला, इसकी भी विभागीय जांच होनी चाहिए। अगर आरोपी डॉक्टर एक हैबिचुअल ऑफेंडर है तो यह केवल एक व्यक्ति का अपराध नहीं बल्कि पूरे सिस्टम की नाकामी का प्रमाण है। इसमें संबंधित अधिकारियों की भूमिका की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
भाटिया के इस्तीफे से मामला खत्म नहीं
पर्ल चौधरी ने कहा कि राज्य महिला आयोग की पूर्व चेयरपर्सन रेणु भाटिया का इस्तीफा स्वागतयोग्य कदम है, लेकिन इससे पूरा मामला खत्म नहीं हो जाता। आरोप लगाया कि पूरे प्रकरण में नर्सिंग स्टाफ को बलि का बकरा बनाने की कोशिश की गई, जबकि असली जिम्मेदारी स्वास्थ्य विभाग और प्रशासनिक तंत्र की है।
माफी नहीं मांगना भाटिया का अहंकार
पर्ल चौधरी ने रेणु भाटिया पर सीधा निशाना साधते हुए कहा कि विवादित टिप्पणी के बाद भी सार्वजनिक रूप से माफी न मांगना सत्ता और पद के अहंकार को दर्शाता है। संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति से संवेदनशील और जिम्मेदार व्यवहार की अपेक्षा होती है, लेकिन इस मामले में ऐसा नहीं हुआ। पीड़ित बच्ची को न्याय मिलना चाहिए।
नर्सिंग स्टाफ ने किया प्रदर्शन
उधर, एलएनजेपी अस्पताल में नर्सिंग स्टाफ का विरोध प्रदर्शन बुधवार को भी जारी रहा। सुबह करीब 10 बजे स्टाफ धरनास्थल पर एकत्र हुआ और रेणु भाटिया के खिलाफ नारेबाजी की। हालांकि बाद में एसोसिएशन कॉल पर कर्मचारी अपने काम पर लौट गए, लेकिन उनकी मांगें अब भी बरकरार हैं।
पूरे केडर का अपमान किया
सीनियर नर्सिंग ऑफिसर अनिता ने कहा कि रेणु भाटिया की टिप्पणी से पूरे नर्सिंग समुदाय को ठेस पहुंची है। उनको रेप मामले की उन्हें कोई जानकारी नहीं थी। फिलहाल संगठन रेणु भाटिया के खिलाफ FIR दर्ज करने और सार्वजनिक माफी की मांग पर अड़े हैं।
