भिवानी सांसद धर्मबीर सिंह कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) को लेकर बयान दिया है। उन्होंने सीजेपी के प्रदर्शन को लेकर कहा कि ये कॉकरोच ज्यादातर गर्मियों में निकलते हैं। इस बार तो भगवान की दया से कम हैं। गर्म मौसम होता है तो सीवर में से निकलते हैं। इस बार तो थोड़े से कम निकले हैं। सर्दी में नहीं निकलते, गर्मी में होते हैं। अधिक गर्मी ज्यादा होती है तो सीवर में एकाध निकलते हैं।
सांसद धर्मबीर सिंह ने सीजेपी को लेकर कहा कि कई पार्टी ऐसी हैं, जो रजिस्ट्रेशन करवा लेती हैं और चुनाव नहीं लड़ती। जिन्हें चुनाव आयोग हटा देता है। नीट पेपर लीक पर कहा कि इस व्यवस्था को सुधारने के लिए भारत सरकार व प्रदेश सरकार प्रयास कर रही है। शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान भी व्यवस्थित ढंग से इस प्रकार की कमियों को दूर करने का प्रयास कर रहे हैं।
अपराध और नशे पर बोले सांसद
प्रदेश में बढ़ते अपराध के सवाल पर सांसद धर्मबीर सिंह ने कहा कि इसका दो कारण मुख्य मानता हूं। जिसमें एक तो नशा और दूसरा सामाजिक चरित्रता गिरना। पहले समाज में जो भाईचारा था अब नहीं रहा। छोटी-छोटी बातों पर लड़ते हैं। वहीं लोग नशे की तरफ जा रहे हैं।
कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी में सुसाइड हुए तो गहराई से जाएंगे तो उसके पीछे भी नशा ही कारण है। ऑनलाइन गेमिंग भी युवाओं को प्रभावित कर रहा है। नशे को रोकने के लिए वे भी लोगों को जागरूक करते हैं और सभी को इसमें साथ देना चाहिए।
पंजाब चुनाव पर दिया बयान
सांसद धर्मबीर सिंह ने पंजाब चुनाव को लेकर कहा कि पूरे भारत के नक्शे में भाजपा का रंग पहले कितना था और आज कितना बदल गया है। धीरे-धीरे सारा एक रंग हो जाएगा। पंजाब निकाय चुनाव में बीजेपी की हार पर कहा कि क्षेत्रिय चुनाव लोगों का अपना चुनाव होता है। लोग लोकसभा व विधानसभा चुनाव पर फोकस करते हैं। स्थानीय चुनाव में मुद्दे अलग होते हैं।
दिग्विजय चौटाला द्वारा आप के दोबारा जीतने के बयान पर सांसद ने कहा कि यह तो उनसे पूछे, हो सकता है वे गठजोड़ करना चाहते हों। इसके अलावा सांसद धर्मबीर सिंह ने मोदी सरकार के 12 साल में किए गए कामों को भी गिनवाया। इस दौरान विधायक घनश्याम सर्राफ भी मौजूद रहे।
