- चैनत मामले में अधिकारियों ने दी गलत जानकारी
पूर्व उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने वीरवार को उचाना की ब्राह्मण धर्मशाला में पार्टी के बीएलए-2 कार्यकर्ताओं की बैठक ली। इस दौरान उन्होंने हरियाणा में चल रही एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) प्रक्रिया को लेकर दिशा-निर्देश दिए।
बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में चौटाला ने राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले को बेहद गंभीर और लोगों की आस्था से जुड़ा विषय बताया। उन्होंने कहा कि इस मामले में कई ट्रस्टियों को हटाया जा चुका है, जबकि कई लोगों पर अभी आरोप तय होना बाकी हैं।
मनसा देवी-शीतला देवी श्राइन बोर्ड की ऑडिट कराने की मांग
उन्होंने केंद्र सरकार से इस मामले की निष्पक्ष जांच किसी केंद्रीय एजेंसी से कराने की मांग की। साथ ही, उन्होंने मुख्यमंत्री से भी आग्रह किया कि उनकी अध्यक्षता वाले श्री माता मनसा देवी और श्री माता शीतला देवी श्राइन बोर्ड की ऑडिट भी किसी केंद्रीय एजेंसी से कराई जाए। चौटाला ने कहा कि पिछले कुछ दिनों में कई धार्मिक संस्थानों पर सवाल उठे हैं, इसलिए पारदर्शिता बनाए रखना जरूरी है।
चनौत में पीने के पानी की मांग को लेकर चल रहे आंदोलन पर पूर्व उप मुख्यमंत्री ने सीएम सैनी के रवैये पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले वहां पानी की आपूर्ति के लिए टी भेजी गई, लेकिन बाद में प्रशासन ने रातों-रात कार्रवाई कर उन्हें हटवा दिया।
कई ग्रामीण फीडरों को इसी योजना से जोड़ा गया’
उन्होंने दावा किया कि सीएम ने आंदोलनकारियों से मुलाकात के दौरान अमरूत-2 योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों को पानी नहीं दिए जाने की बात कही थी, जबकि बाद में यह साबित हो गया कि कई ग्रामीण फीडरों को इसी योजना से जोड़ा गया है।
चौटाला ने कहा कि अधिकारियों ने सीएम को गलत जानकारी दी। उन्होंने यह भी बताया कि जेजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अजय सिंह चौटाला धरना स्थल पर जाकर आंदोलनकारियों का समर्थन कर चुके हैं और पार्टी पूरी मजबूती से इस लड़ाई में उनके साथ खड़ी है।
राजस्थान के साथ हरियाणा के पानी को लेकर हुए समझौते पर दुष्यंत चौटाला ने कहा कि इस समझौते की पूरी जानकारी प्राप्त करने के लिए आरटीआई लगाई गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पूरा दस्तावेज मिलने के बाद ही विस्तृत टिप्पणी की जाएगी, लेकिन हरियाणा का एक इंच भी पानी राजस्थान को नहीं जाने दिया जाएगा। चौटाला ने कहा कि पार्टी इस मुद्दे पर संगठन स्तर पर पूरी मजबूती से संघर्ष करेगी।
‘उम्मीद है कि प्रधानमंत्री जींद के लिए बड़ी घोषणाएं करेंगे’
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 17 जुलाई को प्रस्तावित जींद दौरे को लेकर उन्होंने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि प्रधानमंत्री जींद के लिए बड़ी घोषणाएं करेंगे। उन्होंने कहा कि जींद मेडिकल कॉलेज में नियमित ओपीडी शुरू करवाई जाए, उचाना में 25 एकड़ भूमि पर प्रस्तावित फायर सेफ्टी कॉलेज का भूमि पूजन किया जाए और हिसार एयरपोर्ट पर प्रस्तावित आईएमसी परियोजना की आधारशिला रखी जाए।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री कई बार हरियाणा आए हैं, लेकिन प्रदेश को कोई बड़ी परियोजना नहीं मिली। इस बार उन्हें उम्मीद है कि चौटाला से पानीपत तक प्रस्तावित ग्रीन फील्ड हाईवे की घोषणा की जाएगी।
हरियाणा में चल रही एसआईआर प्रक्रिया पर दुष्यंत चौटाला ने कहा कि बीएलए-2 की बैठक में सभी कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी पूरी तरह प्रशासन का सहयोग कर रही है और उनका उद्देश्य है कि कोई भी वास्तविक मतदाता छूटे नहीं तथा कोई फर्जी नाम सूची में शामिल न रहे।
