• MP बोले- सरकार में खूब चल रही, ट्रांसफर नोट भी तेजी से चल रहे

हरियाणा सचिवालय में शुक्रवार को उस समय दिलचस्प राजनीतिक नजारा देखने को मिला, जब कांग्रेस के राज्यसभा सांसद कर्मबीर बौद्ध और कांग्रेस से बगावत कर राज्यसभा चुनाव में भाजपा का समर्थन करने वाले हथीन के विधायक मोहम्मद इजराइल एक ही मंत्री के कार्यालय में आमने-सामने आ गए।

करीब आधे घंटे तक चली इस मुलाकात में ट्रांसफर नोट से लेकर राजनीति तक कई मुद्दों पर हल्के-फुल्के अंदाज में चर्चा होती रही।

महीनों बाद आमने-सामने आए दोनों नेता

सूत्रों के अनुसार, राज्यसभा सांसद बनने से पहले लंबे समय तक सचिवालय में अधिकारी रहे कर्मबीर बौद्ध एक कर्मचारी नेता के साथ मंत्री से मिलने पहुंचे थे। इसी दौरान विधायक मोहम्मद इजराइल भी अपने क्षेत्र से जुड़े मामलों और ट्रांसफर नोट को लेकर मंत्री से मिलने पहुंच गए। जैसे ही दोनों नेताओं की नजरें मिलीं, कमरे का माहौल कुछ पल के लिए गंभीर हुआ, लेकिन जल्द ही मुस्कान और चुटकियों ने माहौल हल्का कर दिया।

एमपी बोले- ‘सरकार में आपकी खूब चल रही

मुलाकात के दौरान कर्मबीर बौद्ध ने मुस्कराते हुए विधायक इजराइल से कहा, “लगता है आजकल सरकार में आपकी खूब चल रही है। ट्रांसफर के नोट भी बड़ी तेजी से चल रहे हैं।”

इस पर कमरे में मौजूद लोग मुस्करा उठे। विधायक मोहम्मद इजराइल ने भी उसी अंदाज में जवाब दिया, “काम तो खूब हो रहे हैं। सरकार का साथ काम कराने के लिए दिया था। राजनीति अपनी जगह है, लेकिन जनता के काम सबसे पहले हैं।”

ट्रांसफर नोट पर भी चली चर्चा

बातचीत के दौरान एक ट्रांसफर नोट भी चर्चा का विषय बना। बताया जाता है कि इस पर भी दोनों नेताओं के बीच हल्के-फुल्के अंदाज में टिप्पणियां हुईं। मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी पूरे घटनाक्रम का आनंद लिया।

सचिवालय में दिनभर रही चर्चा

करीब आधे घंटे तक चली इस मुलाकात के दौरान मंत्री के सामने कई मुद्दों पर बातचीत हुई। सचिवालय की गलियारों में पूरे दिन इस मुलाकात की चर्चा रही। राजनीतिक मतभेदों के बावजूद दोनों नेताओं के बीच सहज और सौहार्दपूर्ण माहौल ने वहां मौजूद लोगों का ध्यान खींचा।