• राम-मंदिर चढ़ावा चोरों को पकड़ने की मांग

फतेहाबाद में आम आदमी पार्टी की ओर से मंगलवार को सिरसा रोड स्थित निजी होटल में हनुमान चालीसा का पाठ कर अयोध्या स्थित राम मंदिर में हुई कथित चोरी के आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई गई। कार्यक्रम में पार्टी के हरियाणा प्रदेशाध्यक्ष एवं पूर्व राज्यसभा सांसद सुशील गुप्ता मौजूद रहे, लेकिन उनकी मौजूदगी के बावजूद कार्यक्रम में करीब 20 कार्यकर्ता ही पहुंचे।

प्रदेशाध्यक्ष ने मौजूद कार्यकर्ताओं के साथ हनुमान चालीसा का पाठ किया और इसके बाद हस्ताक्षर अभियान की शुरुआत की। कार्यक्रम के दौरान पार्टी नेताओं ने राम मंदिर में हुई कथित चोरी के मामले को लेकर सरकार पर सवाल उठाए और दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग की। कार्यकर्ताओं से इस मुद्दे पर लोगों के हस्ताक्षर भी करवाए गए।

हनुमानजी से गुहार लगाई है कि चंदा चोरों को सजा दें

आप नेता लक्ष्य गर्ग ने बताया कि हनुमान चालीसा का पाठ करके हनुमानजी से प्रार्थना की गई है। श्रीरामजी के भक्त हनुमानजी से गुहार लगाई गई है कि वह आज रामजी की मदद के लिए पहुंचे। श्रीरामजी के साथ मिलकर उन सबको सजा दें, जिन्होंने हमारी भावनाओं को आहत किया है और रामजी के नाम पर इतनी बड़ी चंदा चोरी की है।

गुप्ता बोले-पीएम ने अपनी पसंद का ट्रस्ट बनाया

प्रदेशाध्यक्ष सुशील गुप्ता ने कहा कि अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण के समय से भूमि खरीद में घोटाला हुआ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी पसंद से ट्रस्ट बनाया। अपने लोगों को जिम्मेदारी उस ट्रस्ट में दी। आज पूरे देश और दुनिया में श्रीराम मंदिर के चंदे की हुई चोरी ने सवाल खड़े कर दिए हैं। अब भी लीपापोती की जा रही है। छोटे-छोटे कर्मचारियों को पकड़ा गया है। एसआईटी ने बड़े किसी व्यक्ति पर कार्रवाई नहीं की है।

हनुमानजी का पाठ करके प्रधानमंत्री को पत्र लिखा है। उन्होंने आरोप लगाया कि रामजी के नाम पर जुटाए गए चंदे में बड़ी चोरी हुई है। चंदा देने वालों ने तो रसीद तक नहीं मांगी। इस मौके पर रणबीर लोहान, मुख्त्यार बाजीगर, अजय झाझड़ा भी मौजूद रहे।