• सड़कों पर उतरेंगे युवा संगठन-विपक्षी दल, सिरसा में JJP का धरना शुरू

दिल्ली में छात्रों पर हुए लाठीचार्ज की गूंज अब हरियाणा में सुनाई देने लगी है। विपक्षी दल और युवा संगठन सड़कों पर उतर रहे हैं। कई जिलों में धरने-प्रदर्शन शुरू हो गए हैं, जबकि कांग्रेस गुरुवार को राज्यभर में जिला मुख्यालयों पर रोष मार्च निकालेगी।

सिरसा में JJP ने ताऊ देवीलाल की प्रतिमा के सामने धरना शुरू कर दिया है। यमुनानगर में भारतीय किसान यूनियन ने रोष मार्च निकालने की कॉल दी है।

उधर, कई यूनिवर्सिटी के छात्र भी सड़क पर उतरने की तैयारी में हैं। हालात को देखते हुए सभी जिला मुख्यालयों पर पुलिस अलर्ट पर है।

बता दें कि कल भी हरियाणा में बड़े स्तर पर युवाओं व विपक्षी दलों ने प्रदर्शन किया था। पंचकूला में कांग्रेस नेताओं व वर्करों ने भाजपा कार्यालय पंचकमल का घेराव किया था और यहां करीब आधे घंटे तक जमकर नारेबाजी की। सिरसा विधायक गोकुल सेतिया और पंचकूला विधायक चंद्रमोहन को पुलिस ने हिरासत में ले लिया था।

यमुनानगर में कांग्रेसियों ने पीएम मोदी के पुतले को लाठी-चप्पलों से पीटा और फिर आग के हवाले कर दिया था।