- सांसद जेपी बोले-राहुल ने संसद में लड़ाई लड़ी, चौटाला परिवार के सवाल पर जोड़े हाथ
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धमेंद्र प्रधान के इस्तीफे और Gen Z के आंदोलन जीतने पर हिसार में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं ने खुशी मनाई और नारेबाजी की। कांग्रेस जिलाध्यक्ष बजरंग दास गर्ग के नेतृत्व में प्रदर्शन किया गया और केंद्र सरकार मुर्दाबाद, छात्रों का आंदोलन जिंदाबाद और राहुल गांधी जिंदाबाद के नारे लगाए गए।
इस दौरान कांग्रेस शहरी जिलाध्यक्ष बजरंग दास गर्ग ने कहा कि देश के छात्रों, युवाओं और कांग्रेस पार्टी ने सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन किया है। इसके बाद केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री दबाव में आए और शिक्षा मंत्री धमेंद्र प्रधान का इस्तीफा लिया गया।
गर्ग ने कहा कि यह सरकार लाठी-डंडों से विपक्ष व युवाओं की आवाज दबाना चाहती है। सरकार के इशारे पर युवाओं को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया। नीट पेपर लीक होने पर 21 छात्रों ने अपनी जान दी। शिक्षा मंत्री ने इस्तीफा तो दे दिया, मगर जान देने वाले छात्रों के परिवारों को मुआवजा दिया जाना चाहिए।
कांग्रेस सांसद ने राहुल गांधी को दिया क्रेडिट
वहीं, कांग्रेस सांसद जयप्रकाश ने राहुल गांधी को आंदोलन की जीत का क्रेटिड देते हुए कहा कि छात्रों ने जंतर-मंतर पर लड़ाई तो विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने पार्लियामेंट में रहकर लड़ाई लड़ी। यही कारण है कि सरकार पर चौतरफा दबाव बना।
सांसद ने कहा कि देश में युवाओं की आवाज गूंज रही है। युवा कभी किसी एक पार्टी से नहीं जुड़ता। इसलिए राहुल गांधी ने किसी पार्टी का नाम जोड़े बिना ही छात्रों को समर्थन दिया और मांगों को उठाया। देश में पहली बार कोई प्रधानमंत्री आवास के सामने जाकर प्रदर्शन करने गया। राहुल गांधी के खिलाफ सरकार ने तरह-तरह के वीडियो जारी करवाए। उनके साथ गलत व्यवहार किया गया।
चौटाला परिवार के सवाल पर हाथ जोड़े
सांसद जयप्रकाश ने चौटाला परिवार द्वारा Gen Z के आंदोलन को समर्थन करने के सवाल पर हाथ जोड़ते हुए कहा कि वह आज इस बारे में कुछ नहीं बोलना चाहते। उन्होंने कहा कि आज मुझे इस बात की खुशी है कि युवाओं की जीत हुई है। कौन किसे समर्थन कर रहा था और क्यों कर रहा था यह देश की जनता अच्छी तरह जानती है।
