- 15 सितंबर से 1 अक्टूबर तक का शेड्यूल जारी
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पंचकूला स्थित प्रदेश कार्यालय पंचकमल में अब प्रतिदिन पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद करेंगे। कार्यकर्ताओं की समस्याएं, सुझाव और संगठनात्मक फीडबैक सुनने के लिए प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने 15 सितंबर से 1 अक्टूबर तक का रोस्टर शेड्यूल जारी कर दिया है।
BJP प्रदेश अध्यक्ष अर्चना गुप्ता की ओर से जारी शेड्यूल के तहत रोजाना एक प्रदेश उपाध्यक्ष या प्रदेश मंत्री सुबह 10 से शाम 4 बजे तक पंचकमल में मौजूद रहेंगे। इस दौरान वे आई शिकायतों के निवारण को लेकर प्रदेश संगठन व सरकार तक पहुंचाने की जिम्मेदारी निभाएंगे।
कार्यकर्ता की बात संगठन के लिए सर्वोपरि: डॉ. अर्चना गुप्ता
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि संगठन में कार्यकर्ता ही सबसे बड़ी ताकत होते हैं। प्रदेशभर से आने वाले कार्यकर्ताओं की बात सीधे सुनना, उनके सुझाव लेना और संगठनात्मक मजबूती के लिए फीडबैक हासिल करना इस पहल का मुख्य उद्देश्य है।
उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता और नेतृत्व के बीच संवाद लगातार बना रहना चाहिए, ताकि जमीनी स्तर की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान हो सके।
