- सत्य निकेतन में हुए हादसे पर राजनीति कर रही सरकार
रोहतक में सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि, भाजपा यानी झूठ का प्रचार। जंतर-मंतर पर भाजपा के झूठे प्रचार की पोल खुल चुकी है। युवाओं ने भाजपा के प्रचार को फाड़ने का काम किया है। सरकार कहती कुछ है और करती कुछ है, उनकी बात पर भरोसा नहीं कर सकते।
दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि, भाजपा एक इंच भी मेट्रो को आगे नहीं बढ़ा पाई। कांग्रेस सरकार ने 82 किलोमीटर तक मेट्रो लाने का काम किया था। अगर भाजपा को शक है तो एक-एक पिलर को दिखा सकते है। साढे 12 साल में बुलेट ट्रेन चलाने की बात भाजपा कर रही है, लेकिन एक खंबा मेट्रो का तो दिखा दें।
दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि युवाओं से भाजपा ने रोजगार छीनने का काम किया है। अगर हरियाणा में एम्स का पूरा अस्पताल आता, रेल कोच फैक्ट्री आती तो युवाओं को रोजगार मिलता। सांपला तक मेट्रो लाने का प्रस्ताव पास था और अब तक तो रोहतक भी ले आते। भाजपा कम से कम सांपला तक ही लेकर आ जाती।
हरियाणा को विकास की पटरी से भाजपा ने उतारा
दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि भाजपा ने हरियाणा को विकास की पटरी से उतारने का काम किया। भाजपा ने 12 साल में कलानौर क्षेत्र में विकास के कौन से काम किए, बताए। क्षेत्र में सिंचाई व पीने के पानी की कमी है। भारी जलभराव होता है। भाजपा जनविरोधी सरकार है, जिसके खिलाफ कांग्रेस जल्द आंदोलन करने पर विवश होगी।
सत्य निकेतन हादसे में जाने से भाजपा को क्या दिक्कत
दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि सत्य निकेतन हादसा उनके घर से 500 मीटर की दूरी पर था, इसलिए वह मौके पर गए। वहां कोई एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड या पुलिस नहीं पहुंची थी। सबसे पहले वह गए, भाजपा के सांसद क्यों नहीं आए। उन्हें क्या दिक्कत हो रही है। भाजपा इसमें भी राजनीति कर रही है।
भाजपा को नहीं पता, पीजी में कितने बच्चे रहते
दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि भाजपा को यह भी नहीं पता कि कितने बच्चे पीजी में रहते है। सरकार की नाक तले असुरक्षित बिल्डिंग है, जिन पर सरकार का कोई ध्यान नहीं है। सरकार जाग नहीं रही, जिसके कारण हादसे हो रहे है। कांग्रेस कार्यकर्ता इस मामले में चुप नहीं बैठेगा।
