• व्यापारियों को गैंगस्टर दे रहे धमकियां

फरीदाबाद जिले के तिगांव में आयोजित ब्लॉक कांग्रेस सम्मेलन में रोहतक सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने सीएम नायब सैनी के पंजाब में नशे के खिलाफ अभियान से जुड़े बयान पर सवाल उठाते हुए कहा कि हरियाणा में भी नशे की समस्या गंभीर है।

हुड्डा ने कहा कि सरकार दूसरे राज्यों में नशे के खिलाफ अभियान की बात कर रही है, जबकि हरियाणा में युवाओं को नशे से बचाना बड़ी चुनौती है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में युवाओं तक नशे की होम डिलीवरी हो रही है और सरकार को पहले हरियाणा में इस समस्या पर ध्यान देना चाहिए।

गैंगस्टरों की धमकियों पर सरकार को घेरा

सांसद हुड्डा ने कानून व्यवस्था को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में व्यापारियों और आम लोगों को गैंगस्टरों की ओर से धमकियां मिल रही हैं और फिरौती मांगी जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार को कानून व्यवस्था के मुद्दे पर जवाब देना चाहिए।

तबादलों पर सीएम के अधिकार को लेकर तंज

आईपीएस अधिकारियों के तबादलों को लेकर भी दीपेंद्र हुड्डा ने सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि अधिकारियों के तबादले किए जाते हैं और फिर कुछ समय बाद उन्हीं आदेशों को रोक दिया जाता है। हुड्डा ने सीएम के कथित बयान का जिक्र करते हुए कहा कि जब सीएम यह कह रहे हैं कि उनके पास चपरासी तक का तबादला करने की शक्ति नहीं है, तो फिर प्रदेश में प्रशासनिक फैसले कैसे हो रहे हैं।

चुनाव नतीजों पर फिर उठाए सवाल

उन्होंने विधानसभा चुनाव की प्रक्रिया को लेकर भी गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया कि पोस्टल बैलेट में कांग्रेस कई सीटों पर आगे थी, लेकिन अंतिम परिणाम भाजपा के पक्ष में आए। मतदान प्रतिशत के आंकड़ों को लेकर भी उन्होंने चुनाव आयोग से जवाब मांगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस 2 से 8 अक्टूबर तक देशभर में अभियान चलाएगी और मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग करेगी।

सम्मेलन में संगठन मजबूत करने का संदेश

दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस अब संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत कर रही है। संगठन सृजन वर्ष के तहत कार्यकर्ताओं को जोड़ने और पार्टी का ढांचा मजबूत करने पर काम चल रहा है। उन्होंने कहा कि नशे, अपराध और चुनाव प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों को कांग्रेस आगे भी उठाती रहेगी।