• कोर कमेटी-पूर्व विधायकों से होगा सीधा संवाद

 हरियाणा में लगातार तीसरी बार सरकार बनाने के बाद अब भारतीय जनता पार्टी ने अगले विधानसभा चुनाव की तैयारियां अभी से शुरू कर दी हैं। पार्टी की नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी व पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी और सह-प्रभारी डॉ. भोला सिंह 22 और 23 अक्टूबर (बृहस्पतिवार और शुक्रवार) को हरियाणा के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे।

प्रभारी बनने के बाद स्मृति ईरानी का यह पहला औपचारिक दौरा है। इस दौरान वे पंचकूला स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय ‘पंचकमल’ में बैठकों का मैराथन दौर चलाकर संगठन की जमीनी स्थिति और सरकार के कामकाज की समीक्षा करेंगी। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने बताया कि इस दौरे का मुख्य मकसद संगठन के विस्तार और जमीनी स्तर पर बूथ को मजबूत करने के लिए आगे की रणनीति तय करना है।

अब जानिए, मुख्य एजेंडे जिन पर रहेगा फोकस..

  • हारी हुई 42 सीटों का स्कैन: 2024 के चुनाव में भाजपा ने 48 सीटें जीतकर सरकार बनाई, लेकिन 42 सीटों पर हार मिली थी। स्मृति ईरानी इन क्षेत्रों में संगठन की कमजोरियों और स्थानीय नेतृत्व की भूमिका का आकलन करेंगी।
  • सरकार-संगठन का तालमेल: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा विधायकों को दिए गए तीन निर्देशों—संगठन की स्थिति, सरकार के कामकाज और जनप्रतिनिधियों की समाज कल्याण में भूमिका—की कसौटी पर नेताओं को परखा जाएगा।
  • अनुभवी और पुराने नेताओं से फीडबैक: 2009, 2014 और 2019 के पूर्व विधायकों, तीन कार्यकाल तक रहे प्रदेश पदाधिकारियों और बोर्ड-निगमों के अध्यक्षों/उपाध्यक्षों से सीधे संवाद कर पुराने अनुभवों के आधार पर भावी रणनीति बनेगी।

दो दिन का पूरा शेड्यूल: जानिए कब किसकी होगी क्लास

पहला दिन (22 अक्टूबर): संगठन पर मंथन

प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता, संगठन महामंत्री पवन राणा, प्रदेश पदाधिकारी, जिलाध्यक्ष और जिला प्रभारियों के साथ बैठकें। पूर्व विधायकों, पुराने पदाधिकारियों और बोर्ड-निगमों के मौजूदा व पूर्व अध्यक्षों/उपाध्यक्षों से संवाद।

दूसरा दिन (23 अक्टूबर): सत्ता और संगठन का आमना-सामना

सुबह भाजपा कोर कमेटी की बैठक। दोपहर में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल, कृष्णपाल गुर्जर, राव इंद्रजीत सिंह और राज्य सरकार के मंत्रियों के साथ विचार-विमर्श। शाम को मुख्यमंत्री, मंत्रियों, सांसदों और विधायकों की साझा बैठक। अंतिम चरण में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (विचार परिवार) के प्रतिनिधियों के साथ समन्वय बैठक।