• हिसार में हुई की रस्म, गुरुग्राम के फाइव स्टार होटल में होगी शादी

हरियाणा में बाढ़ड़ा से भाजपा विधायक उमेद पातुवास की डॉक्टर बेटी दीक्षा की शादी हिसार के डॉ. गोविंद से होने जा रही है। दोनों की सगाई 19 अगस्त को हुई थी। 17 नवंबर को हिसार के रॉयल पाम रिसॉर्ट में लग्न टीके की रस्म हुई।

इस दौरान डॉ. गोविंद के पिता एवं पातुवास के समधी विरेंद्र ग्रेवाल ने शगुन में सिर्फ एक रुपया और नारियल लिया। विरेंद्र ग्रेवाल बरवाला से कांग्रेस विधायक रहे रामनिवास घोड़ेला के दोस्त हैं।

टीके की रस्म के बाद विशेष आमंत्रण पर भिवानी-महेंद्रगढ़ से भाजपा सांसद धर्मबीर और विधायक उमेद पातुवास पूर्व विधायक रामनिवास घोड़ेला के घर भी पहुंचे।

अब 21 नवंबर को गुरुग्राम के पांच सितारा होटल हयात में शादी होगी। इसके बाद 23 नवंबर को हिसार के रॉयल पाम रिसॉर्ट में रिसेप्शन रखा गया है।

घोड़ेला ने सोशल मीडिया पर शेयर की तस्वीरें

लग्न टीके की रस्म के बाद कांग्रेस के पूर्व विधायक रामनिवास घोड़ेला ने भाजपा सांसद धर्मबीर सिंह और विधायक उमेद पातुवास के साथ मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर कीं। इससे पहले घोड़ेला ने मुख्यमंत्री नायब सैनी के साथ मुलाकात की तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर साझा की थीं।

बता दें कि विधायक उमेद पातुवास के समधी विरेंद्र ग्रेवाल का घर सातरोड गांव में है, जो घोड़ेला के बरवाला विधानसभा क्षेत्र में आता है। घोड़ेला के अनुरोध पर ही दोनों नेता उनके घर पहुंचे। यहां उन्होंने कई मुद्दों पर चर्चा भी की।

दोनों परिवारों के बारे में जानिए…

भाजपा विधायक उमेद पातुवास चरखी दादरी जिले के पातुवास गांव के रहने वाले हैं। वे भारतीय नौसेना से रिटायर्ड हैं। साल 2024 में भाजपा के टिकट पर बाढड़ा विधानसभा सीट से चुनाव जीतकर विधायक बने। उनकी बड़ी बेटी डॉ. दीक्षा हैं। दीक्षा ने MBBS करने के बाद MD में दाखिला लिया है। अब उनकी शादी हिसार के डॉ. गोविंद ग्रेवाल से होने जा रही है।

वहीं, डॉ. गोविंद ग्रेवाल हिसार के सातरोड गांव के रहने वाले हैं। उनके पिता विरेंद्र ग्रेवाल और मां सुलोचना हैं। गोविंद फिलहाल नोएडा में डॉक्टरी कर रहे हैं, जबकि उनका परिवार स्कूल चलाता है।