• अशोक अरोड़ा ने भाजपा को घेरा, बोले- जांच कमेटी की रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं होती

कांग्रेस नेता एवं पूर्व स्पीकर अशोक अरोड़ा ने बुधवार को चंडीगढ़ में भाजपा सरकार को किसानों समेत कई मुद्दों पर घेरा। उन्होंने गन्ने के रेट में बढ़ोतरी को लेकर सरकार पर निशाना साधते हुए इसे किसानों के साथ मजाक बताया। इसके अलावा उन्होंने धान खरीद में घोटाले के आरोप लगाते हुए सरकार से जांच करवाने की मांग की।

अशोक अरोड़ा ने सवाल के जवाब में कहा कि सरकार को गन्ने के रेट में व्यापक स्तर पर बढ़ोतरी करनी चाहिए। प्रति किलो गन्ने के रेट में मात्र 15 पैसे की बढ़ोतरी किसानों के साथ मजाक है। उन्होंने कहा कि पिछले दो महीने में चीनी के दाम 20 से 25 रुपए प्रति किलो तक बढ़े हैं, जबकि गन्ने के रेट में नाममात्र की बढ़ोतरी की गई है।

उन्होंने कहा कि गन्ने का रकबा लगातार कम हो रहा है। अगर गन्ने के रेट नहीं बढ़ाए गए तो किसान इसकी खेती करना ही बंद कर देंगे। गन्ने की खेती घाटे का सौदा साबित हो रही है।

धान खरीद में घोटाले के लगाए आरोप

अरोड़ा ने कहा कि भाजपा सरकार में लगातार धान घोटाले हो रहे हैं और किसानों के साथ लूट जारी है। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसे तथ्य सामने आए हैं, जिनमें जिस ट्रैक्टर पर धान लाया जाना दिखाया गया है, उसका कहीं कोई विवरण ही नहीं है।

उन्होंने कहा कि धान पोर्टल पर जिस जगह धान दिखाया गया है, वहां खेत ही नहीं, बल्कि श्मशान घाट है। ऐसे मामलों से धान खरीद में लगातार घोटाले होने की बात स्पष्ट होती है। सरकार को इनकी जांच करवानी चाहिए। अरोड़ा ने कहा कि जांच करवाई भी जाती है तो बाद में कमेटी की रिपोर्ट सामने नहीं आती।