•  पिता के चुनाव में भजनलाल ने एक महीना जुलाना में डाला था डेरा

हरियाणा में जुलाना से भाजपा के पूर्व विधानसभा प्रत्याशी और हरियाणा सहकारिता विभाग के पूर्व चेयरमैन एडवोकेट शमशेर सिंह अहलावत का बुधवार को निधन हो गया। वह करीब 80 साल के थे।

वह कई दिन से रोहतक के कायनोस अस्पताल में वेंटिलेटर पर थे। इससे पहले उनका इलाज गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में चल रहा था। यहां से उन्हें रोहतक शिफ्ट किया गया था। उनका अंतिम संस्कार 19 नवंबर को दोपहर 2 बजे पैतृक गांव लिजवाना खुर्द में किया जाए।

फिलहाल, उनके शव को जींद में गोहाना रोड स्थित कोठी नंबर-1 पर अंतिम दर्शनों के लिए रखा जाएगा। उनके बेटे डॉ. गजेंद्र अहलावत की कनाडा में अस्पतालों की चेन है। पिता की हेल्थ खराब होने की वजह से करीब एक महीने से इंडिया में हैं।

शमशेर सिंह करीब चार दशक तक जुलाना की राजनीति में सक्रिय रहे। वह दो बार विधानसभा चुनाव लड़ चुके थे। उनके पिता चौधरी फतेह सिंह वर्ष 1972 में जुलाना विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस (आई) के विधायक चुने गए थे। फतेह सिंह के चुनाव में चौधरी भजनलाल ने एक महीने जुलाना में डेरा डाला था। वर्ष 2007 में फतेह सिंह का निधन हो गया था।

4 दिन पहले था बेटे का जन्मदिन

डॉ. गजेंद्र सिंह का 14 नवंबर को जन्मदिन था, लेकिन पिता की बीमारी के कारण इस साल बार कोई सेलिब्रेशन नहीं की। पिछले साल सेलिब्रेशन में पूर्व मंत्री चौ. रणजीत सिंह चौटाला समेत कई गणमान्य लोग पहुंचे थे।

रणजीत सिंह ने ही शमशेर सिंह अहलावत को भाजपा जॉइन करवाई थी। शमेशर की पत्नी शकुंतला की 26 अगस्त 2016 को मौत हो गई थी। उनकी दो छोटी बहनें दर्शना व कृष्णा जींद में ही शादीशुदा हैं। दर्शना के पति सूरजमल मान ईटीओ व कृष्णा के पति ओमप्रकाश नैन शिक्षा विभाग से सेवानिवृत्त हैं। पुत्रवधू सुमन पीएचडी हैं। डॉ. गजेंद्र के भी एक बेटा है।

वीरवार दोपहर गांव में अंतिम संस्कार

कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी के पूर्व वीसी डॉ. एके चावला ने बताया कि रोहतक से आने के बाद शव को उनके कमरे में अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा। वीरवार दोपहर दो बजे उनके पैतृक गांव लजवाना में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। उन्होंने बताया कि पिछले कुछ दिनों से वे मल्टीपल बीमारी से पीड़ित थे। 5-6 दिन से रोहतक के निजी अस्पताल में आईसीयू में थे। डॉ. गजेंद्र बीती रात पिता को छोड़कर घर नहीं आए, इससे पहले रात को अक्सर घर आ जाते थे।

भजनलाल ने जीप से गांव-गांव किया था प्रचार

वर्ष 1970 के जुलाना विधानसभा उपचुनाव में चौधरी भजनलाल ने कांग्रेस प्रत्याशी चौधरी फतेह सिंह के लिए करीब एक महीने तक प्रचार किया था। वह दिनभर अपनी जीप से हलके के गांवों में जाते और लोगों से मिलकर वोट मांगते थे। रात को जुलाना में सेठ किशनलाल सिंगला की हवेली या लिजवाना खुर्द में रुकते थे।

खाई में फंसी जीप, भजनलाल ने संभाला स्टेयरिंग

प्रचार के दौरान एक दिन जुलाना से मेहरड़ा जाते समय उनकी जीप खाई में फंस गई। ड्राइवर ने काफी कोशिश की, लेकिन जीप बाहर नहीं निकल पाई। इसके बाद भजनलाल ने खुद स्टेयरिंग संभाला। उन्होंने बैक गियर लगाकर जीप को पीछे किया और फिर एक झटके में उसे खाई से बाहर निकाल लिया।

एक महीने प्रचार किया, फिर भी हारे फतेह सिंह

भजनलाल ने उपचुनाव के दौरान मंडी की दुकानों से लेकर गांवों तक प्रचार किया, लेकिन इसके बावजूद कांग्रेस प्रत्याशी चौधरी फतेह सिंह चुनाव हार गए। कांग्रेस (संगठन) के प्रत्याशी चौधरी दल सिंह (पूर्व विधायक परमिंद्र ढुल के पिता) ने 23,592 वोट लेकर 5,828 वोटों से जीत दर्ज की। फतेह सिंह को 17,764 वोट मिले थे।

हालांकि, इसके दो साल बाद 1972 में हुए विधानसभा चुनाव में चौधरी फतेह सिंह जुलाना से विधायक चुने गए।