- करनाल में मीटिंग में बनी रणनीति
कांग्रेस ने आगामी राजनीतिक और संगठनात्मक कार्यक्रमों को लेकर करनाल की जाट धर्मशाला में बैठक की। इसमें प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह और पार्टी प्रभारी संजय दत्त ने प्रदेशभर से आए जिला अध्यक्षों और विभिन्न विभागों व प्रकोष्ठों के प्रदेश अध्यक्षों के साथ चर्चा की।
बैठक में 26 नवंबर को संविधान दिवस पर पंचकूला में प्रदेश स्तरीय संविधान रक्षा मार्च निकालने, वोट रक्षकों की नियुक्ति और गांवों व शहरों में चल रहे चौपाल कार्यक्रम की समीक्षा की गई। नेताओं ने कार्यकर्ताओं को आगामी कार्यक्रमों की जिम्मेदारियों के बारे में भी जानकारी दी।
दिल्ली की सफल रैली पर जताया आभार
प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि करनाल में यह बेहद महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई है। इसमें हरियाणा के सभी जिला अध्यक्षों और विभिन्न विभागों व प्रकोष्ठों के प्रदेश अध्यक्षों को बुलाया गया था। बैठक की शुरुआत में उन्होंने नवंबर में दिल्ली के रामलीला मैदान में हुई सफल रैली के लिए सभी कार्यकर्ताओं का धन्यवाद किया।
उन्होंने कहा कि रैली को सफल बनाने में कार्यकर्ताओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इसके बाद आने वाले दिनों में पार्टी की ओर से किए जाने वाले कार्यक्रमों को लेकर चर्चा की गई और संगठन की तैयारियों की जानकारी ली गई।
सेक्टर-26 से अंबेडकर चौक तक निकलेगा मार्च
राव नरेंद्र सिंह ने बताया कि 26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर पंचकूला में प्रदेश स्तरीय संविधान रक्षा मार्च निकाला जाएगा। इसकी शुरुआत पंचकूला के सेक्टर-26 से होगी और समापन बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर चौक पर उनकी प्रतिमा के सामने किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस का मानना है कि संविधान खतरे में है और भाजपा ने संवैधानिक संस्थाओं पर कब्जा कर उनका मजाक बनाया है। इसी मुद्दे को लेकर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और नेता राहुल गांधी ने हर राज्य के मुख्यालय पर संविधान रक्षा मार्च निकालने का फैसला लिया है। इसका उद्देश्य लोगों को संविधान की रक्षा के प्रति जागरूक करना है।
वोट रक्षकों की नियुक्ति और चौपाल कार्यक्रम की समीक्षा
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि वोट काटे जाने से जुड़े मामलों को लेकर पार्टी ने वोट रक्षकों की नियुक्ति की है। बैठक में कार्यकर्ताओं को वीडियो के माध्यम से उनकी जिम्मेदारियों और काम करने के तरीके के बारे में समझाया गया।
इसके अलावा पार्टी का तीसरा कार्यक्रम चौपाल भी पहले से चल रहा है। गांवों और शहरों के वार्डों में आयोजित किए जा रहे इन चौपाल कार्यक्रमों की बैठक में समीक्षा की गई। राव नरेंद्र सिंह और प्रभारी संजय दत्त ने कार्यकर्ताओं से आगामी कार्यक्रमों को लेकर सक्रियता से काम करने की बात कही।
