पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने रविवार को कुरुक्षेत्र में भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने मनरेगा से लेकर लाडो लक्ष्मी योजना तक कई मुद्दों पर सरकार को घेरा। हुड्डा ने सरकार के मंत्री अनिल विज और महिपाल ढांडा पर भी तंज कसा।

भूपेंद्र हुड्डा ने शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा के बयान पर तीखा पलटवार किया तो अनिल विज के कांग्रेस के टूट-फूट वाले बयान पर करारा जबाव दिया। हुड्डा पंजाबी धर्मशाला में चल रहे 10 दिवसीय ट्रेनिंग कैंप में हरियाणा और उत्तराखंड के कांग्रेस जिलाध्यक्षों को ट्रेनिंग देने आए थे।

  • पहले महिपाल ट्रेनिंग लें- हुड्‌डा

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्‌डा ने शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा के राहुल गांधी को ट्रेनिंग देने के बयान पर जोरदार पलटवार किया। उन्होंने कहा कि पहले महिपाल आकर मेरे से ट्रेनिंग ले। ये शिक्षा मंत्री है, बोलने का सलीका होना चाहिए। ये रामलीला के कलाकार थोड़े हैं, प्रदेश के शिक्षा मंत्री है।

  • विज भाजपा के अंदर देखें कितनी टूट-फूट

हुड्डा ने कैबिनेट मंत्री अनिल विज के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि अनिल विज को अपना घर संभालना चाहिए। हम कांग्रेस वाले टूटे-फूटे नहीं हैं। भाजपा वाले देखें कि उनके अंदर कितने टूटे-फूटे हैं। चाहे राव नरवीर की बात हो या अनिल विज की, सबकी अपनी-अपनी डफली है और अपना-अपना राग।

  • हरियाणा में 60 गैंग सक्रिय

हुड्डा ने हरियाणा में कानून-व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अपराध पैर पसार रहा है। यहां 60 गैंग सक्रिय हैं, जो अपराध करते हैं, फिरौती मांगते हैं और खुद को पेशेवर अपराधी मानते हैं। आरोप लगाया कि भाजपा के राज में अपराध बढ़ा है। पहले की सरकारों में ऐसी स्थिति नहीं थी, लेकिन अब अपराधी बेखौफ घूम रहे हैं।

  • लाडो लक्ष्मी योजना चुनावी वादा

लाडो लक्ष्मी योजना पर हुड्डा ने सरकार को कटघरे में खड़ा किया। कहा कि भाजपा ने चुनाव से पहले कहा था कि हर महिला को 2100 रुपए देंगे। उस हिसाब से प्रदेश की 85 लाख महिलाओं को फायदा होना चाहिए था। लेकिन चुनाव जीतते ही 1 लाख रुपए सालाना आमदनी की कंडीशन लगा दी। ये झूठी सरकार है।

  • दलित और बैकवर्ड के पेट पर लात मारी

मनरेगा योजना पर हुड्डा ने कहा कि भाजपा वाले नाम बदलने की बजाय स्कीम ही खत्म कर रहे हैं। पहले हरियाणा में 8 लाख लोग मनरेगा में रजिस्टर्ड थे। लेकिन अब सरकार ने 100 दिन का रोजगार सिर्फ 2100 लोगों को दिया है। इससे दलित और बैकवर्ड क्लास के लोगों के पेट पर लात मारी गई है।

  • किसानों की अनदेखी हो रही

हुड्डा ने किसानों के मुद्दे पर भी बात की। उन्होंने कहा कि फसल खराब होने पर आज तक कोई मुआवजा नहीं दिया गया। किसान परेशान हैं, लेकिन सरकार ध्यान नहीं दे रही। उनकी सरकार में किसानों को समय पर मदद मिलती थी, लेकिन अब ऐसा नहीं हो रहा।

  • 21 को कुरुक्षेत्र आएंगे राहुल गांधी

हुड्डा ने कहा कि 21 जनवरी को लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी कुरुक्षेत्र पहुंचेंगे। वे पंजाबी धर्मशाला में उत्तराखंड और हरियाणा के कांग्रेस जिला अध्यक्षों को ट्रेनिंग देंगे। राहुल गांधी जिले के किसी एक गांव में जाकर वहां के लोगों की समस्याएं भी सुनेंगे।