- ये दोस्ती नहीं तोड़ेंगे गाने पर नाचे, एक-दूसरे में अंदरखाते चल रही खींचतान
फतेहाबाद के पूर्व विधायक दुड़ाराम के जन्मदिन पर रखी गई पार्टी में बिना मन मिले भी नेताओं का डांस देखने को मिला। अक्सर एक-दूसरे को पटखनी देने में लगे रहने वाले पूर्व विधायक दुड़ाराम और बीजेपी जिलाध्यक्ष प्रवीण जोड़ा इस पार्टी में डांस करते नजर आए। सबसे ज्यादा डांस हरियाणा सरकार में एग्रो इंडस्ट्रीज के चेयरमैन भारत भूषण मिड्ढा ने किया।
दरअसल, पूर्व विधायक दुड़ाराम 68 साल के हो गए हैं। उनके जन्मदिन पर रविवार रात को सिरसा रोड स्थित एक होटल में पार्टी रखी गई। इस पार्टी में बीजेपी के स्थानीय नेताओं से लेकर शहर के काफी लोगों ने शिरकत की।
साल 2019 और 2024 में खिलाफत
इस कार्यक्रम के दौरान दुड़ाराम की साल 2019 और 2024 में खिलाफत करने वालों ने भी केक का स्वाद चखा। मिड्ढा ने दुड़ाराम के चेहरे पर भी केक लगाया। बता दें कि, साल 2019 में जब दुड़ाराम ने बीजेपी में एंट्री की थी, उस समय भारत भूषण मिड्ढा ने उनकी सबसे ज्यादा खिलाफत की थी। हालांकि बाद में दोनों के रिश्ते सुधर गए।
इसी तरह साल 2024 में हुए विधानसभा चुनाव के दौरान प्रवीण जोड़ा की ड्यूटी टोहाना विधानसभा में लगाई गई। उन्होंने अपना ज्यादातर समय वहीं बिताया। कुछ अन्य स्थानीय पदाधिकारी-पूर्व पदाधिकारी भी ऐसे रहे, जिन्होंने विधानसभा चुनाव में दुड़ाराम की खुलकर मदद नहीं की। मगर वह भी जन्मदिन पार्टी में लुत्फ लेते नजर आए।
पूर्व सीएम भजनलाल के भतीजे है दुड़ाराम
दुड़ाराम पूर्व सीएम स्व. भजनलाल के भतीजे हैं। वह पिछले करीब 40 साल से फतेहाबाद की राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाते आ रहे हैं। उन्होंने पहला चुनाव इनेलो सरकार में हुए उपचुनाव के दौरान लड़ा। मगर तब स्वतंत्र बाला चौधरी के सामने हार गए। बाद में साल 2005 में कांग्रेस की टिकट पर जीतकर विधायक बने।
इसके बाद साल 2009 में बतौर कांग्रेस प्रत्याशी और साल 2014 में हरियाणा जनहित कांग्रेस (बीएल) प्रत्याशी के रूप में चुनाव हार गए। साल 2019 में बीजेपी ज्वाइन कर ली और टिकट ले आए। 2019 में फिर से विधायक बने। साल 2024 में बीजेपी की दूसरी बार टिकट मिली, लेकिन हार गए।
