• इनेलो नेता रामफल कुंडू ने की घोषणा, जिलाध्यक्ष भी रहे शामिल

हरियाणा : ब्रेकिंग न्यूज  : जींद जिले के उचाना बस स्टैंड के पास ब्राह्मण धर्मशाला में इनेलो की एक बैठक आयोजित की गई। इसमें पूर्व विधायक रामफल कुंडू, जिला युवा प्रभारी प्रदीप गिल और जिलाध्यक्ष विजेंद्र रेढू मुख्य रूप से उपस्थित रहे। बैठक में नरवाना में 23 मार्च को होने वाले राज्य स्तरीय युवा सम्मेलन की घोषणा की गई।

रामफल कुंडू ने बताया कि इससे पहले 6 फरवरी को जींद में भी एक युवा सम्मेलन आयोजित किया जाएगा, जिसमें युवा इनेलो के राष्ट्रीय प्रभारी कर्ण सिंह चौटाला शिरकत करेंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से इन सम्मेलनों में अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

अभय की लोकप्रियता से विरोधियों की उड़ी नींद

कुंडू ने दावा किया कि अभय सिंह चौटाला की बढ़ती लोकप्रियता से विरोधी नेताओं की नींद उड़ गई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता ने अभय सिंह चौटाला को मुख्यमंत्री बनाने और इनेलो को सत्ता में लाने का मन बना लिया है। उन्होंने कहा कि इनेलो में दूसरी पार्टियों के नेताओं की लगातार हो रही जॉइनिंग इस बात का संकेत है कि आने वाला समय इनेलो का ही है।

वोट काटू कहने वालों पर साधा निशाना

कुंडू के अनुसार, स्व. देवीलाल और पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला की नीतियों को केवल अभय सिंह चौटाला ही लागू कर सकते हैं और उनके सपनों को पूरा कर सकते हैं। इनेलो को ‘वोट काटू’ कहने वालों पर निशाना साधते हुए रामफल कुंडू ने कहा कि उनका खुद का जनाधार खत्म हो चुका है।

किसी के बहकावे में नहीं आएगा मतदाता

उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता भली-भांति जानती है कि असली ‘वोट काटू’ कौन है और भाजपा के इशारे पर कौन काम कर रहा है। आज का मतदाता जागरूक है और किसी के बहकावे में नहीं आएगा। कुंडू ने सरकार पर पोर्टल के माध्यम से लोगों को उलझाने और किसानों को उनकी फसल का उचित भाव न मिलने का आरोप भी लगाया।

इस अवसर पर हलकाध्यक्ष बिल्लू पेगां, सुरेंद्र मोर, बलराम खापड़, राजा खरकभूरा, भलेराम श्योकंद, भीम छात्तर और सतीश खरक सहित कई अन्य नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।