- MLA ने कहा था-सारे दूध के धुले नहीं
कैथल जिले के पूंडरी से BJP विधायक सतपाल जांबा द्वारा अपनी ही पार्टी के कार्यकर्ताओं और नेताओं को लेकर दिए गए (पार्टी में सारे दूध के धुले नहीं) विवादित बयान पर अब पूर्व मंत्री कंवरपाल गुर्जर ने अपनी सफाई दी है। उन्होंने कहा कि ऐसा कुछ नहीं है। पार्टी में ज्यादातर लोग अच्छे हैं। उनका एक वीडियो भी इस संबंध में सामने आया है, जिसमें वे सफाई देते हुए दिखाई दे रहे हैं।
पूर्व मंत्री भाजपा के एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए कैथल पहुंचे थे। एक सवाल का जवाब देते हुए उन्होंने भाजपा विधायक सतपाल जांबा द्वारा दिए गए बयान पर प्रतिक्रिया व सफाई पेश की।
अधिकारियों संग बैठक करने पहुंचे थे जांबा
बता दें कि 16 फरवरी को विधायक सतपाल जांबा नगरपालिका कार्यालय में अधिकारियों से बैठक करने के लिए पहुंचे थे। इस दौरान लोगों ने भ्रष्टाचार को लेकर शिकायत की। जिसके बाद विधायक ने माइक लेकर खरी-खरी बातें कहीं। विधायक ने कहा था कि हमारी पार्टी में सभी दूध के धुले नहीं हैं। दूसरी पार्टियों से कई बहुत गंदे लोग आ गए हैं। यह वीडियो पूंडरी के सार्वजनिक कार्यक्रम था।
ये जनता का पैसा है, मैं खाने नहीं दूंगा, मैंने पहले भी बोला है
इसे लेकर बातचीत में विधायक जांबा ने कहा कि यह बात किसी व्यक्ति विशेष के लिए नहीं कही गई थी। विधायक सतपाल जांबा ने कहा था कि संभल जाओ। ये जनता का पैसा है, मैं खाने नहीं दूंगा, मैंने पहले भी बोला है। जो खाएगा, वो बचेगा नहीं, उसे छोड़ूंगा नहीं। अगर आप अच्छे काम करोगे, तो दिन-रात आपके लिए खड़ा हो। अगर गलत चलोगे मेरे आप दुश्मन हो।
अपने मतलब के लिए आए हैं
उन्होंने आगे कहा कि ऐसा नहीं है कि मेरी पार्टी में सब दूध के धुले हैं। ऐसे-ऐसे गंदे लोग आए हुए हैं, दूसरी पार्टी छोड़कर मेरी पार्टी में घुसे हैं, अपने मतलब के लिए आए हैं। अगले 5 साल अपने मतलब निकालेंगे। फिर जैसे भी कोई सिस्टम होगा, भाग जाएंगे। ये तेरे न मेरे, न पार्टी के ये सिर्फ मतलब के होते हैं। और ऐसे इंसानों से हमें बचना चाहिए। उनके इस बयान पर अब पूर्व मंत्री ने सफाई दी है।
