- कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल सहित 5 नेताओं को जिम्मेदारी
भारतीय जनता पार्टी (BJP) हरियाणा प्रदेश ने आगामी नगर निकाय चुनाव-2026 की तैयारियों को गति देते हुए राज्य स्तर पर संकल्प पत्र निर्माण समिति का गठन कर दिया है। पार्टी का कहना है कि यह समिति शहरी विकास, स्वच्छता, आधारभूत सुविधाओं और नागरिक सेवाओं से जुड़े मुद्दों पर व्यापक सुझाव लेकर चुनावी घोषणापत्र तैयार करेगी।
प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली की ओर से जारी लेटर के अनुसार, समिति में सरकार और संगठन के अनुभवी नेताओं को शामिल किया गया है, ताकि स्थानीय निकायों से जुड़े जमीनी मुद्दों को प्राथमिकता दी जा सके।
क्या रहेगा कमेटी का फोकस
निकाय चुनाव को लेकर बनाई गई कमेटी का फोकस कुछ प्रमुख विषयों पर रहने वाला है। पहला शहरी क्षेत्रों में साफ-सफाई और कचरा प्रबंधन, दूसरा, पीने का पानी, सीवरेज और सड़क जैसी मूलभूत सुविधाएं, तीसरा, डिजिटल सेवाओं और नागरिक सुविधाओं का विस्तार और चौथा, स्थानीय निकायों की वित्तीय स्थिति और राजस्व बढ़ाने के उपाय हैं।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, यह समिति जल्द ही विभिन्न शहरों और वार्ड स्तर से सुझाव एकत्र कर नगर निकाय चुनाव-2026 के लिए विस्तृत और जनहित आधारित संकल्प पत्र तैयार करेगी। इसे चुनाव से पहले सार्वजनिक किया जाएगा, ताकि मतदाताओं के सामने पार्टी का स्पष्ट रोडमैप रखा जा सके।
समिति में इन नेताओं को मिली जिम्मेदारी
विपुल गोयल – मंत्री, हरियाणा सरकार
सुरेंद्र पूनिया – प्रदेश महामंत्री
कोमल सैनी – मेयर, पानीपत
वेदपाल एडवोकेट – प्रदेश उपाध्यक्ष
सुभाष चन्द्र – वाइस चेयरमैन, स्वच्छ भारत मिशन
