हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने कॉकरोज जनता पार्टी (CJP) पर तीखा तंज कसते हुए नाम बदलने की सलाह दी। मंत्री ने कहा कि कॉकरोच एक बहुत ही गंदे कीट का नाम है। इसे छोटा बच्चा भी देखकर चप्पल से कुचल देता है। उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों को सलाह दी कि लोकतंत्र में संघर्ष करना उनका अधिकार है, लेकिन उन्हें अपना नाम बदल लेना चाहिए।
मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर की गई अपनी टिप्पणी का जिक्र करते हुए कहा कि प्रजातंत्र में सभी को अपनी बात रखने और संघर्ष करने का अधिकार है, लेकिन किसी भी संगठन का नाम ऐसा होना चाहिए जो सकारात्मक संदेश दे।
कांग्रेस खुद सदन में चर्चा से बचती रही
वहीं, हरियाणा विधानसभा का सत्र नहीं बुलाए जाने को लेकर नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए विज ने कहा कि कांग्रेस खुद सदन में चर्चा से बचती रही है। उन्होंने कहा कि जब विधानसभा सत्र चलता है तो कांग्रेस के नेता कई बार सदन में मौजूद नहीं रहते और जब सरकार जवाब देना शुरू करती है तो वॉकआउट कर जाते हैं। ऐसे में कांग्रेस का सत्र को लेकर सवाल उठाना उचित नहीं है।
कांग्रेस को बताया छपास रोग से ग्रस्त
आगे अनिल विज ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी के पास जनहित के मुद्दे नहीं बचे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को सिर्फ अखबारों और मीडिया में बने रहने की चिंता है। कांग्रेस प्रजातंत्र के नाम पर बड़ा छलावा कर रही है। इनके पास कहने के लिए कुछ नहीं है। इन्हें केवल छपास रोग है। अखबार में नाम छपना चाहिए, चाहे सीधा छपे या उल्टा।
दीपेंद्र हुड्डा को लेकर भी दिया जवाब
कुरुक्षेत्र में प्रदर्शन के दौरान सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा की कथित गिरफ्तारी से जुड़े सवाल पर विज ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना एजेंसियों का काम है। सरकार का काम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा, “हम किसी को क्यों नुकसान पहुंचाएंगे। जनता सब देख रही है। इनके अपने कृत्यों की वजह से ही हरियाणा की जनता हमें बार-बार सरकार चलाने का मौका देती है।”
