• हरियाणा राजभवन कूच कर रहे थे रास्ते से उठाए, राहुल गांधी को हिरासत में लेने पर प्रदर्शन

चंडीगढ़ पुलिस ने हिरासत में लिए गए हरियाणा कांग्रेस के सभी 18 विधायकों और नेताओं को छोड़ दिया है। राहुल गांधी को दिल्ली में हिरासत में लिए जाने के विरोध में प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह, प्रदेश प्रभारी संजय दत्त के नेतृत्व में ये विधायक पार्टी ऑफिस से राजभवन की ओर मार्च निकाल रहे थे।

कांग्रेस ऑफिस से कूछ दूर जाने पर ही इन नेताओं को पुलिस ने डिटेन कर लिया। इसके बाद सभी को सेक्टर-17 थाने लाया गया। थाने में जमीन पर बैठकर ही विधायकों और प्रदेशाध्यक्ष ने नारेबाजी की।

गुरुवार को राहुल गांधी दिल्ली में पीएम आवास के पास NEET पेपर लीक मुद्दे पर संसद में चर्चा और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे थे। इसी दौरान दिल्ली पुलिस ने उन्हें डिटेन किया था।

दिल्ली पुलिस ने राज्यसभा सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला को भी हिरासत में लिया। उन्होंने कहा- यह आंदोलन अब एक बड़ी क्रांति का रूप लेगा और इसे रोका नहीं जा सकेगा। हरियाणा से कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा, वरुण मुलाना, जयप्रकाश जेपी, सतपाल ब्रह्मचारी ने संसद भवन के बाहर नारेबाजी की।

ये विधायक मार्च में हुए शामिल

चंडीगढ़ में राजभवन का घेराव करने के लिए कांग्रेस मुख्यालय में 18 विधायक शामिल हुए। इसके बाद ये सभी विधायक राजभवन कूच के लिए रवाना हुए। इसमें इंदूराज नरवाल, जस्सी पेटवाड़, आफताब अहमद, देवेंद्र हंस, बलवान दौलतपुरिया, बलराम दांगी, अशोक अरोड़ा, गीता भुक्कल, मामन खान, बीबी बत्रा, चंद्रप्रकाश, रामकरण काला, विकास सहारण, नरेश सलवाल, मंजू चौधरी, पूजा चौधरी और शीशपाल केहरवाला शामिल हैं।

पंचकूला से कार्यकर्ता रवाना हुए

चंडीगढ़ में पार्टी ऑफिस में मीटिंग के लिए पंचकूला कांग्रेस अध्यक्ष संजय चौहान कार्यकर्ताओं के साथ चंडीगढ़ आए। उन्होंने कहा- दिल्ली में शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे छात्रों पर पहले लाठीचार्ज किया गया। इसके बाद जब कांग्रेस नेताओं ने प्रधानमंत्री आवास की ओर मार्च कर विरोध दर्ज कराया तो राहुल गांधी के साथ पुलिस ने बदसलूकी की।

सरकार पर लोकतंत्र दबाने का आरोप

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार लोकतांत्रिक तरीके से विरोध दर्ज कराने वालों की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है। पार्टी का कहना है कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने वाले छात्रों और विपक्षी नेताओं के साथ किया गया व्यवहार लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। इसी के विरोध में हरियाणा कांग्रेस राजभवन का घेराव कर राज्यपाल के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन देना है।

दीपेंद्र हुड्डा ने पेपर लीक के पोस्टर दिखाए

इससे पहले रोहतक सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने संसद भवन के गेट के बाहर पेपर लीक के खिलाफ नारे लगाए। उनके साथ हिसार सांसद जयप्रकाश जेपी, अंबाला सांसद वरुण मुलाना और सोनीपत सांसद सतपाल ब्रह्मचारी भी मौजूद रहे।

सुरजेवाला बोले- पेपर लीक से घरों का चिराग बुझा

राज्यसभा सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में लिया है। इससे पहले उन्होंने कहा- गुंडई और राजनीति गुंडागर्दी का अंत यहां नहीं है। ये एक नई क्रांति की शुरुआत है, राहुल गांधी के नेतृत्व में। वे हमें जेल में बंद कर सकते हैं, लाठियां मार सकते हैं। मोदीजी को जवाब देना पड़ेगा। पेपर लीक से लोगों का भाग्य खोया है, घर का चिराग खोया है। ये क्रांति अब बड़ी ज्वाला बनकर धधकेगी। राहुल गांधी के नेतृत्व में ये रुकने वाली नहीं है।