• यमुनानगर में कैबिनेट मंत्री ने दी जानकारी

हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास के 650वें प्रकाश पर्व को प्रदेशभर में बड़े स्तर पर मनाया जाएगा। इस अवसर पर राज्य सरकार और भारतीय जनता पार्टी की ओर से व्यापक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

इसके लिए एक उच्च स्तरीय समिति का गठन किया जाएगा, जो पूरे आयोजन की योजना तैयार करने के साथ विभिन्न कार्यक्रमों का समन्वय करेगी। बुधवार को यमुनानगर में पत्रकारों से बातचीत के दौरान मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने बताया कि आज 29 जुलाई को हरियाणा का एक प्रतिनिधिमंडल वाराणसी गया है।

काशी की पावन मिट्टी से सुशोभित कलश हरियाणा को विधिवत सौंपा जाएगा

प्रतिनिधिमंडल वाराणसी में संत शिरोमणि गुरु रविदास की जन्मस्थली काशी में आयोजित धार्मिक अनुष्ठानों और विशेष पूजन कार्यक्रमों में प्रतिनिधिमंडल भाग लेगा। इसी दौरान काशी की पावन मिट्टी से सुशोभित कलश हरियाणा को विधिवत सौंपा जाएगा। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तथा भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लाल सिंह आर्य भी मौजूद रहेंगे। उनके सान्निध्य में पावन कलश हरियाणा के प्रतिनिधिमंडल को सौंपा जाएगा।

प्रदेश के गांव-गांव तक पहुंचाई जाएगी पावन मिट्टी

मंत्री ने कहा कि 30 जुलाई की शाम यह पावन कलश गुरुग्राम के सिरहौल बॉर्डर पहुंचेगा, जहां भाजपा के वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता उसका स्वागत करेंगे। इसके बाद कलश को गुरुग्राम स्थित श्री शीतला माता मंदिर में स्थापित किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि 4 अगस्त को इस कलश की पावन मिट्टी भाजपा हरियाणा के सभी 27 संगठनात्मक जिलों के जिला अध्यक्षों और सामाजिक प्रतिनिधियों को सौंपी जाएगी। इसके बाद यह मिट्टी पूरे प्रदेश के गांव-गांव तक पहुंचाई जाएगी। प्रत्येक गांव में मिट्टी के आगमन पर शोभायात्रा निकाली जाएगी और संत गुरु रविदास के जीवन और विचारों का प्रचार-प्रसार किया जाएगा।

कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य संत गुरु रविदास द्वारा दिए गए समानता, सामाजिक न्याय, भाईचारे और मानव कल्याण के संदेश को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि ‘समरसता संकल्प अभियान’ के माध्यम से प्रदेशभर में सामाजिक एकता और सद्भाव को मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा।