- बोले-कार्रवाई नहीं हुई तो पुलिस प्रशासन का विरोध करेंगे
इनेलो सुप्रीमो अभय सिंह चौटाला ने डबवाली क्षेत्र में नशे के बढ़ते कारोबार को लेकर पुलिस प्रशासन पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने एसपी को एक सप्ताह का समय देते हुए कहा कि इस अवधि में नशे के कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो पुलिस प्रशासन के खिलाफ विरोध किया जाएगा।
अभय सिंह चौटाला रविवार को डबवाली, रानियां और ऐलनाबाद क्षेत्र के दौरे पर थे। उन्होंने कार्यकर्ता सम्मेलनों के बाद मीडिया से बातचीत में यह बात कही।
अभय चौटाला ने कहा कि कुछ दिन पहले गांव चौटाला के लोग गांव की समस्याओं को लेकर उनसे मिलने पहुंचे थे। बातचीत के दौरान ग्रामीणों ने नशे को गांव की प्रमुख समस्या बताया। इसके बाद उन्होंने डबवाली एसपी को फोन कर गांव चौटाला में खुलेआम चिट्टा बिकने की शिकायत की और कार्रवाई की मांग की।
बोले- एसपी ने पूछा, कौन सा गांव है
चौटाला के अनुसार, बातचीत के दौरान एसपी ने उनसे पूछा कि कौन सा गांव उनका है। उन्होंने इसे पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल बताते हुए कहा कि चौटाला क्षेत्र का प्रमुख गांव है और वहां नशे की समस्या की जानकारी पुलिस को होनी चाहिए।
उन्होंने बताया कि उनके पीए ने एसपी को गांव का नाम और समस्या की जानकारी दी। इसके बाद एसपी की ओर से मामले को देखने का आश्वासन दिया गया।
बोले- अधिकारियों को गांवों में जाना चाहिए
अभय चौटाला ने कहा कि पुलिस अधिकारियों की जिम्मेदारी केवल कार्यालय में बैठने तक सीमित नहीं है। उन्हें गांवों में जाकर लोगों से मिलना चाहिए और नशे की बिक्री से जुड़ी जानकारी जुटानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि पुलिस को यह पता लगाना चाहिए कि नशा कहां और किसके माध्यम से बिक रहा है। यदि किसी पुलिसकर्मी या अधिकारी की लापरवाही अथवा मिलीभगत सामने आती है तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई होनी चाहिए।
चौटाला ने बताया कि नशे की समस्या को लेकर चार-पांच गांवों के लोग एसपी से मिलने गए थे। उन्होंने ग्रामीणों से पहले एसपी कार्यालय जाकर अपनी समस्या रखने को कहा है। सुनवाई नहीं होने पर विरोध करने की बात कही।
एसपी को एक सप्ताह का समय
अभय चौटाला ने कहा कि वह एसपी को एक सप्ताह का समय देकर जा रहे हैं। यदि इस अवधि में नशे के कारोबार पर सख्ती नहीं हुई तो पुलिस प्रशासन के खिलाफ बड़ा विरोध किया जाएगा। उन्होंने सरकार से भी नशे पर रोक लगाने के लिए जिम्मेदार अधिकारियों को अपनी जिम्मेदारी निभाने की मांग की।
रानियां में सरकार पर भी साधा निशाना
रानियां में कार्यकर्ता सम्मेलन के दौरान चौटाला ने कहा कि नशे की समस्या केवल डबवाली या रानियां तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे प्रदेश में स्थिति चिंताजनक है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस और सरकार को नशे की बिक्री की जानकारी होने के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही।
उन्होंने पुलिस पर नशा तस्करों से मिलीभगत या कमीशन लेने का आरोप भी लगाया। साथ ही प्रदेश सरकार और विभिन्न विभागों में भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा कि लोगों को सरकारी कामों के लिए परेशान होना पड़ रहा है। इस दौरान इनेलो प्रदेशाध्यक्ष रामपाल माजरा सहित पार्टी के अन्य नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
