- बोले- चैलेंज’ वाली बात नहीं, सिरसा में जल्द करूंगा कार्यक्रम
सिरसा से कांग्रेस विधायक गोकुल सेतिया के चैलेंज वाले बयान पर पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि राजनीति में किसी को चैलेंज करने की बात को वह इस तरह नहीं देखते। उन्होंने कहा कि यह कोई बॉक्सिंग या कुश्ती का मुकाबला नहीं है और वह ऐसी चुनौती को नहीं मानते, जिसका कोई मतलब नहीं हो।
बृजेंद्र सिंह ने कहा कि सिरसा का कार्यक्रम फिलहाल स्थगित किया गया है और जल्द ही सिरसा में कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
दरअसल, कांग्रेस जिलाध्यक्ष संतोष बेनीवाल ने 9 अगस्त को सिरसा में कार्यकर्ताओं की बैठक का कार्यक्रम रखा था। इसमें पूर्व मंत्री बीरेंद्र सिंह और पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह को शामिल होना था। कार्यक्रम को लेकर विधायक गोकुल सेतिया ने आपत्ति जताई थी और सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए बृजेंद्र सिंह को सिरसा में कार्यक्रम करने की चुनौती दी थी।
गोकुल सेतिया ने जताई थी आपत्ति
विधायक गोकुल सेतिया ने कहा था कि कांग्रेस जिलाध्यक्ष संतोष बेनीवाल उनके विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक कार्यक्रम कर रही हैं। उन्होंने इसे अपने हलके में राजनीतिक सेंध लगाने का प्रयास बताते हुए आपत्ति जताई थी।
सेतिया ने सोशल मीडिया पोस्ट में बृजेंद्र सिंह को सिरसा में कार्यक्रम करने की चुनौती देते हुए कहा था कि यदि वह यहां कार्यक्रम करते हैं तो वह उचाना में इससे बड़ा कार्यक्रम करेंगे। इसके बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर दो अन्य पोस्ट भी साझा कीं ।
संतोष बेनीवाल ने भी प्रतिक्रिया दी
रविवार को सिरसा कांग्रेस भवन में आयोजित कार्यकर्ताओं की बैठक में जिलाध्यक्ष संतोष बेनीवाल ने इस विवाद पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता बैठक में पहुंचे और विरोध करने वालों को जवाब दिया।
उन्होंने कहा कि गोकुल सेतिया उन्हें बड़ी बहन कहते थे। उन्होंने सवाल उठाया कि शायद उनके घर में बड़ी बहन को इसी तरह का सम्मान मिलता होगा।
इससे पहले एक निजी चैनल को दिए बयान में बेनीवाल ने सेतिया की सोशल मीडिया पोस्ट पर टिप्पणी करते हुए कहा था कि पोस्ट रात करीब 12 बजे डाली गई थी। उन्होंने यह भी कहा था कि वह पार्टी के संगठन को मजबूत करने के लिए काम कर रही हैं।
कार्यक्रम में नहीं पहुंचे बृजेंद्र सिंह
9 अगस्त को सिरसा कांग्रेस भवन में प्रस्तावित कार्यक्रम में पूर्व मंत्री बीरेंद्र सिंह और पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह नहीं पहुंचे। उनके दौरे को स्थगित कर दिया गया। कार्यक्रम की नई तारीख अभी तय नहीं हुई है।
जिलाध्यक्ष संतोष बेनीवाल ने कार्यकर्ताओं की बैठक ली। बैठक के बाद कार्यकर्ताओं के साथ तिरंगा यात्रा भी निकाली गई। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
