- 19 को पंचकूला में कांग्रेस का प्रदर्शन
हरियाणा के नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने मंगलवार को भाजपा सरकार पर युवाओं, कर्मचारियों, किसानों और खिलाड़ियों से जुड़े मुद्दों को लेकर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि हरियाणा कौशल रोजगार निगम (एचकेआरएन) के जरिए युवाओं का शोषण किया जा रहा है। युवाओं को न तो नौकरी की सुरक्षा मिल रही है और न ही पर्याप्त सुविधाएं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार नौकरी लगवाने के नाम पर एक प्रतिशत कमीशन लेती है।
हुड्डा ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस की मांग है कि एचकेआरएन के तहत काम कर रहे युवाओं को पक्की नौकरी दी जाए। इस मांग को लेकर 19 अगस्त को पंचकूला में कांग्रेस विरोध प्रदर्शन करेगी। प्रदर्शन के संयोजक विधायक अशोक अरोड़ा होंगे।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 में प्रदेश में 3.75 लाख स्वीकृत पद थे, जो अब घटकर करीब 2.5 लाख रह गए हैं। हुड्डा ने सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस एक कमेटी बनाएगी, जो मौजूदा सरकार के कार्यकाल में हुए कथित भ्रष्टाचार को उजागर करेगी। विधायक अशोक अरोड़ा की देखरेख में यह कमेटी काम करेगी।
आगामी विधानसभा के मॉनसून सत्र को लेकर हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस बेरोजगारी, कानून-व्यवस्था, जलभराव, बैंक घोटाले, बिजली कर्मचारियों के निजीकरण और अन्य जनहित के मुद्दे सदन में उठाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि मॉनसून से पहले सरकार ने जलभराव की समस्या से निपटने की पर्याप्त तैयारी नहीं की, जिसके कारण प्रदेश के कई हिस्सों में पानी भर रहा है।
बिजली क्षेत्र के निजीकरण का विरोध करते हुए हुड्डा ने कहा कि बिजली कर्मचारी इसके खिलाफ हैं और कांग्रेस भी निजीकरण के पक्ष में नहीं है। उन्होंने हाईकोर्ट के गेस्ट टीचरों को नियमित करने के आदेश का हवाला देते हुए सरकार से आदेश का पालन करने की मांग की।
हुड्डा ने किसानों से जुड़े मुद्दे पर आरोप लगाया कि केंद्र से मिलने वाले यूरिया का भी सरकार ने पूरा उठाव नहीं किया। डिजिटल बिक्री व्यवस्था पर उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि सरकार हर काम के लिए पोर्टल बना रही है। उन्होंने परिवार पहचान पत्र को भी निशाने पर लिया और कहा कि यह लोगों के लिए ‘परिवार परेशानी पत्र’ बन गया है।
ई20 पेट्रोल पर भी उठाए सवाल
हुड्डा ने ई20 पेट्रोल को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि 2018 की नीति आयोग की रिपोर्ट में इसके कारण वाहनों की माइलेज और उम्र प्रभावित होने की बात कही गई थी, इसके बावजूद ई20 पेट्रोल लागू किया गया।
कानून-व्यवस्था पर हुड्डा ने कहा कि प्रदेश में स्थिति खराब हो चुकी है और हाईकोर्ट ने भी हरियाणा में सक्रिय गैंग्स को लेकर सरकार से रिपोर्ट मांगी है। उन्होंने कहा कि हरियाणा लगातार कर्ज में डूबता जा रहा है।
कॉमनवेल्थ गेम्स में हरियाणा को सहआयोजक बनाने की मांग
हुड्डा ने कहा कि हरियाणा के सांसदों ने 2030 के कॉमनवेल्थ गेम्स में प्रदेश को सहआयोजक बनाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि हरियाणा के खिलाड़ी लगातार देश के लिए सबसे अधिक पदक जीतते रहे हैं और प्रदेश के पास खेलों के आयोजन के लिए पर्याप्त आधारभूत ढांचा मौजूद है। जो कमी है, उसे पूरा किया जा सकता है।
उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस सरकार के समय खेलों को विशेष प्राथमिकता दी गई थी। एसवाईएल के मुद्दे पर हुड्डा ने कहा कि हरियाणा के हिस्से का पानी प्रदेश को मिलना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि राजस्थान को पाइपलाइन के जरिए पानी दिया जा रहा है, जबकि पंजाब से हरियाणा के हिस्से का पानी लेने के प्रयास होने चाहिए। उन्होंने हिमाचल से पाइपलाइन के जरिए एसवाईएल का पानी लाने की बात भी कही। कांग्रेस नेता ने कहा कि पार्टी जनता से जुड़े सभी मुद्दों को लेकर सरकार को सदन और सड़क दोनों जगह घेरती रहेगी। गोकुल सेतिया के बयानों से जुड़े सवाल पर हुड्डा ने कहा कि यह पार्टी का आंतरिक मामला है और पार्टी इस पर विचार करेगी। उन्होंने कहा कि फिलहाल उनके पास इस संबंध में कोई मामला नहीं आया है।
